हेमंत सोरेन ने रघुवर दास के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने का किया ऐलान

[object Promise]

पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने का ऐलान किया है। अपने आवास पर रविवार को संवाददाता सम्मेलन बुलाकर उन्होंने इसकी घोषणा की। हेमंत ने सीएम को लीगल नोटिस भेजकर माफी मांगने के लिए सात दिन की मोहलत दी है।  ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री ने हेमंत सोरेन पर 500 करोड़ की जमीन खरीदने का आरोप लगाया था।

हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्हें आश्चर्य है कि 500 करोड़ की अवैध संपत्ति खरीदने पर भी वे जेल के बाहर क्यों हैं। उन्होंने आरोप लगाने के बदले खुद को गिरफ्तार करने की चुनौती  मुख्यमंत्री को दी। हेमंत सोरेन ने कहा कि छ‌वि किसी भी व्यक्ति की पूंजी होती है। सीएम राजनीतिक लाभ के लिए उनपर झूठे आरोप लगा रहे हैं। आगे इसका कड़ा प्रतिकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मन में आदिवासियों के प्रति नफरत भरी है, लेकिन धरतीपुत्रों को आतंकित करने की हर कोशिश को झामुमो नाकाम करेगा। हेमंत सोरेन ने जमीन की गड़बड़ी की जांच के लिए गठित एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।

हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री रघुवर दास के कथित साले खेमचंद साहू पर जमशेदपुर में मनीष दास नामक व्यक्ति की मकान और संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मनीष दास ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार अदालत के फैसले का इंतजार क्यों कर रही है। अपनी एजेंसियों से जांच कर पीड़ित के साथ न्याय क्यों नहीं कर रही है। उन्होंने सीएम के रिश्तेदारों की गड़बड़ी को सत्ता का संरक्षण होने का आरोप लगाया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *