चंडीगढ़: हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी है। फिलहाल अंबाला के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। गौर करने वाली बात ये है कि 15 दिन पहले अनिल विज ने कोवैक्सीन ट्रायल में वालंटियर के तौर पर खुद को टीका लगवाया था। बावजूद इसके वो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
हरियाणा कैबिनेट में मंत्री अनिल विज ने ट्वीट करते हुए कहा, “मैं कोरोना संक्रमित पाया गया हूं। मैं सिविल अस्पताल अंबाला कैंट में भर्ती हूं। जो लोग भी मेरे संपर्क में आए हैं उन्हें ये सलाह दी जाती है कि वे कोरोना की जांच कराएं।”
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विज के संक्रमित होने पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘गृहमंत्री जी, आपके कोरोना संक्रमित होने का समाचार मिला। मुझे विश्वास है कि आप अपनी दृढ़शक्ति से इस बीमारी को जल्द मात देंगे। ईश्वर से आपके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
कोरोना वैक्सीन के लिए किया था वालंटियर
बीते 20 नवंबर को विज को कोरोना की वैक्सीन के तीसरे चरण के ट्रायल के लिए पहला टीका लगाया गया था। विज ने खुद ही कोरोना वैक्सीन के परीक्षण के लिए वालंटियर बनने की इच्छा जताई थी। 20 नवंबर को हरियाणा में कोवाक्सिन का तीसरे चरण का ट्रायल शुरू किया गया था। इस दौरान अनिल विज को पहला टीका लगाया गया था। विज के साथ 200 वालंटियर्स को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी गई थी।
पीजीआई रोहतक की टीम की निगरानी में ही मंत्री विज को वैक्सीन का टीका लगाया गया। इसके बाद आधे घंटे तक उन्हें निगरानी में रखा गया। इससे पहले रोहतक पीजीआई की टीम ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के खून का नमूना लिया। सफल ट्रायल के बाद मंत्री विज ने जीत का निशान दिखाया और सीधे चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय के लिए रवाना हो गए। मंत्री ने खुद आराम की जगह कार्यालय जाकर काम करने की इच्छा जताई थी। इस पर डॉक्टरों की टीम ने उन्हें अनुमति दी थी।
पीजीआई के कुलपति डॉ. ओपी कालरा ने कहा था कि कोवैक्सीन के खतरे काफी कम हैं। अभी तक की रिसर्च में एक दो वालंटियर को हल्का बुखार व टीके के स्थान पर दर्द जैसी समस्या आई है। हमारे सभी वालंटियर स्वस्थ हैं और अभी तक किसी को कोरोना होने की रिपोर्ट भी नहीं है।
कोरोना वैक्सीन का ट्रायल
बता दें कि कोरोना वायरस महामारी के बचाव के लिए भारत बायोटेक और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद की दवा कोवैक्सीन के तीसरे चरण का परीक्षण चल रहा है। पहले और दूसरे चरण के ह्यूमन ट्रायल में करीब एक हजार वॉलंटियर्स को ये वैक्सीन दी गई थी।
इस वैक्सीन के तीसरे चरण का परीक्षण भारत में 25 केंद्रों में 26,000 लोगों के साथ किया जा रहा है। ये भारत में कोविड-19 वैक्सीन के लिए आयोजित होने वाला सबसे बड़ा ह्यूमन क्लिनिकल ट्रायल है।
Leave a Reply