जयपुर/नई दिल्ली। राजसमंद की सांसद दीयाकुमारी ने राजस्थान के प्रमुख मार्बल उद्योग पर जीएसटी की दरों में कमी करने की मांग की है। दीयाकुमारी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात के दौरान बताया कि मार्बल उद्योग से संकट के बादल टालने के लिए जीएसटी की दरों में कमी करना अनिवार्य है तभी राहत सम्भव है। सांसद ने बताया कि दक्षिणी राजस्थान का राजसमंद संगमरमर के उत्पादन के लिए जाना जाता है और यह देश का सबसे बड़ा मार्बल उत्पादक क्षेत्र है। जहां खनन गतिविधि भी एक प्रमुख इकाई के रूप में स्थापित है।
उन्होंने बताया कि मार्बल उद्योग की पेचीदगियों को विस्तार से रखा।
सांसद ने बताया कि राजस्थान की अर्थव्यवस्था में इस व्यवसाय का बड़ा योगदान है। मार्बल पर जीएसटी की उच्च दरों के कारण पूरे उद्योग को मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। मार्बल ब्लॉक पर वर्तमान जीएसटी दर 12 प्रतिशत और स्लैब्स व टाईल्स पर 18 प्रतिशत है। उपभोक्ता इतनी ऊंची जीएसटी दरों का भुगतान करने के लिए तैयार नहीं है।
सांसद ने बताया कि यदि GST दरों को 5 प्रतिशत तक कर दिया जाए तो इस उद्योग को लुप्त होने से बचाया जा सकता है।सांसद ने पीएसीएल निवेशकों की समस्या को भी गंभीरता से रखते हुए निवारण की मांग की। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद पीएसीएल ने अपने निवेश के पैसे वापस नहीं किए हैं। इसके बाद में सांसद दीयाकुमारी ने जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह से भेंट कर उनसे राजसमंद झील के जल स्तर की समस्या पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाने के लिए 30 करोड़ बजट की स्वीकृति दी जाने की बात रखते हुए राजसमंद झील में पहुंचने वाली खारी फीडर की चौड़ाई बढ़ाने की मांग भी की ।
Leave a Reply