मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मंगलवार को एक व्यक्ति की शव यात्रा के दौरान हिंसा भडक़ने पर पुलिस ने करीब 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इनमें से 33 को गिरफ्तार कर लिया गया। हिंसा में चार अधिकारियों सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए।
एक अधिकारी ने बताया कि पिछले हफ्ते 44 साल के पंचाराम रिठाडिया ने तिलक नगर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। वह कई महीनों से लापता 17 साल की बेटी का पता नहीं लगने से तनाव में था। पंचाराम ने सुसाइड नोट में लिखा कि पुलिस ने बेटी का पता लगाने में उसकी कोई मदद नहीं की।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी क्षेत्र) लखमी गौतम ने बताया कि उपनगर चेंबूर के मोक्ष धाम तक पंचाराम की अंतिम यात्रा के दौरान उनके नाराज संबंधियों और कुछ अन्य लोगों ने कथित तौर पर पुलिस पर पथराव किया और वैन समेत अन्य निजी वाहनों में तोडफ़ोड़ की।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि वैन, एक टैक्सी, एक कार, 10 से 12 मोटरसाइकिल और 3 ऑटोरिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए। हम सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो का विश्लेषण कर रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
Leave a Reply