पटना। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गिरिराज सिंह ने मंगलवार को बिहार में बढ़ते अपराध की घटनाओं को लेकर राज्य में चल रही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा। गिरिराज ने इससे पहले पिछले दिनों पटना में आई बाढ़ के बाद भी जेडीयू-भाजपा गठबंधन की सरकार को कठघरे में खड़ा किया था।
बेगूसराय से सांसद गिरिराज ने मंगलवार को कानून व्यवस्था पर सवाल करते हुए ट्वीट किया कि बेगूसराय में अपराध चरम पर है। हाल ये है कि एक हत्या पीडि़त से मिलने जाता हूं तब तक दूसरी हत्या हो जाती है। पिछले 72 घंटों में 10 लोगों पर गोली चली है, जिसमें सात लोगों की मौत हुई है। बजलपुरा, तेघड़ा में सुजीत के पीडि़त परिवार से मिला।
इस तरह से नहीं चलेगा आज पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात करूंगा। सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लिए बिना गिरिराज सिंह ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए कहा, शासक दल का हूं, क्या कहूं कुछ समझ में नहीं आ रहा है।
गिरिराज ने इस दौरान पीडि़त परिवारों से मुलाकात की और सांत्वना दी। भाजपा के फायरब्रांड नेता माने जाने वाले गिरिराज ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, मचहा, बेगूसराय में हुए हत्याकांड ने बेगूसराय को झकझोर के रख दिया है, परिवार से मिलकर उनको सांत्वना दी एवं पुलिस को परिवार के शेष सदस्यों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए कहा है।
इसके बाद गिररिाज सिंह ने बेगूसराय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था में सुधार करने की बात कही। उल्लेखनीय है कि दिवाली की रात अपराधियों ने सिंघौल थाना क्षेत्र के मचहा में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
Leave a Reply