प्रदेश सचिव मशकुल कुरैशी के प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए जाने पर भड़के दूसरे प्रदेश सचिव…

[object Promise]

देहरादून। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की नवनियुक्त कार्यसमिति की पहली ही बैठक में हंगामा हो गया। पार्टी के हरिद्वार कार्यालय को प्रशासन की ओर से तोड़े जाने का नोटिस देने के मामले में प्रदेश सचिव मशकुल कुरैशी ने प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका पर सवाल उठाया तो दूसरे प्रदेश सचिव प्रदीप चौधरी भड़क गए। इस मसले पर पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी भी चौधरी के साथ हो गए। हंगामा बढ़ने पर वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश अध्यक्ष को हस्तक्षेप करना पड़ा, तब बैठक संपन्न हो सकी। जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

समाजवादी पार्टी के परेड ग्राउंड स्थित प्रदेश कार्यालय में कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक शुरू होने के कुछ देर बाद प्रदेश सचिव मशकुल कुरैशी ने अपने संबोधन में हरिद्वार कार्यालय को मिले नोटिस का मुद्दा उठा दिया।

उनका कहना था कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण सचान इस मामले में उचित कदम नहीं उठा रहे हैं। इस पर पार्टी के दूसरे प्रदेश सचिव प्रदीप चौधरी अपनी सीट से खड़े होकर मशकुल कुरैशी के बयान का विरोध करने लगे। बैठक में उपस्थित अन्य पदाधिकारी भी मशकुल कुरैशी के खिलाफ हो गए। देखते ही देखते विरोध हंगामे में बदल गया। प्रदेश अध्यक्ष सचान व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकत्र्ताओं को समझाया। इस घटनाक्रम के कारण बैठक करीब 15 मिनट तक प्रभावित रही। बैठक के बाद इस बाबत प्रदेश अध्यक्ष सचान का कहना था कि विवाद जैसी कोई बात नहीं है। गलतफहमी के चलते गहमागहमी हो गई थी।

शुक्रवार को न हो बैठक

बैठक के दौरान सपा कार्यकर्त्‍ता फुरकान अहमद ने आगामी बैठकों का आयोजन शुक्रवार को नहीं करने की बात कही। उनका तर्क था कि शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय नमाज अदा करने जाता है। ऐसे में वह बैठक में हिस्सा नहीं ले पाता। इसके अलावा अन्य कार्यकर्त्‍ताओं ने पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए अपने विचार रखे।

12 पदाधिकारियों ने किया बहिष्कार

सपा की प्रदेश कार्यकारिणी के 12 सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार किया। प्रदेश सचिव गुलफाम अली ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सभी कार्यकर्त्‍ताओं को साथ लेकर नहीं चल रहे हैं। इसलिए बैठक का बहिष्कार किया गया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी पत्र लिखकर इससे अवगत कराया गया है।

22 से जन जागरण अभियान

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष सचान ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सपा उत्तरप्रदेश के विकास मॉडल को उत्तराखंड लेकर आएगी। आगामी 22 नवंबर से सपा 20 मुद्दों पर प्रदेशभर में जन जागरण अभियान चलाएगी। इनमें मुख्य रूप से प्रदेश से पलायन रोकने, प्रदेश के हर परिवार को प्रति माह 200 यूनिट मुफ्त बिजली, गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले प्रत्येक परिवार को छह गैस सिलेंडर मुफ्त देने, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने समेत अन्य मूलभूत मुद्दों को लेकर जनता को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस के मंसूबे को समझ गई है। सपा जन-जन को जागरूक करने का काम करेगी। इस दौरान राजेंद्र चौधरी, सुभाष पंवार, आभा बर्थवाल, अमित यादव, सुरेश यादव समेत अन्य मौजूद रहे।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *