जयपुर। नागौर जिले के करणू गांव में कुछ दिन पहले दो दलित युवकों के उत्पीड़न के मामले में पीड़ित पक्ष ने राज्य सरकार द्वारा उठाये गए कदमों एवं अब तक पुलिस की कार्यवाहीं से संतुष्टि जताई है।
पीड़ित पक्ष के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान कहा कि इस प्रकरण में राज्य सरकार द्वारा तत्परता से कार्यवाही की गयी उससे पीड़ित पक्ष पूरी तरह से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पीड़ित पक्ष द्वारा रखी गयी मांगें पूरी हुई हैं और राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिया गया।
इस प्रकरण को लेकर गठित संघर्ष समिति के संयोजक अधिवक्ता गौतम नायक ने भी इस घटना के सामने आने के बाद त्वरित एक्शन के लिए राज्य सरकार का धन्यवाद दिया और कहा कि पीड़ित पक्ष की समय पर मदद हुई और वे संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण को लेकर संघर्ष समिति ने किसी तरह का धरना या प्रदर्शन करने की घोषणा नहीं की है।
पीड़ित युवकों के पिता कालूराम एवं जगदीश ने भी राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को धन्यवाद दिया।उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की ओर से दोनों पीड़ित युवकों को ढाई-ढाई लाख रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। पीड़ित युवकों को स्थानीय स्तर पर नौकरी दिलाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस अवसर पर नागौर की पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा भी उपस्थित थीं।
Leave a Reply