तीन छात्र बने लुटेरे गर्लफ्रेंड को वीडियो कॉल करने के लिए , छोटी सी उम्र में कर दिया बड़ा कांड

तीन छात्र बने लुटेरे गर्लफ्रेंड को वीडियो कॉल करने के लिए , छोटी सी उम्र में कर दिया बड़ा कांड

राजधानी के प्रतिष्ठित स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले तीन नाबालिग गर्लफ्रेंड से वाट्सएप में वीडियो कॉलिंग पर बात करने के लिए लुटेरे बन गए। पंडरा पुलिस ने तीनों को पकड़कर रिमांड होम भेज दिया। पुलिस ने तीनों के पास से लूटे हुए तीन मोबाइल और अन्य सामान बरामद कर लिये। पूछताछ के क्रम में तीनों आरोपियों ने बताया कि उनके पास मोबाइल फोन पहले से था, पर सस्ता वाला था। तीनों नाबालिगों की गर्लफ्रेंड है। वे गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉलिंग पर बात नहीं कर पाते थे। तीनों छात्रों ने अपनी गर्लफ्रेंड को बताया था कि वे तीनों काफी अमीर घर के लड़के हैं। तीनों छात्रों ने योजना बनाई कि ऑनलाइन आईफोन मंगाया जाए। कुरियर मैन जब मोबाइल लेकर आएगा तो उसे लूट लिया जाएगा।

गलत नाम और पता पर मंगवाया था आईफोन

पुलिस की जांच में इस बात का खुलासा हुआ कि तीनों आरोपियों ने आईफोन गलत नाम-पता पर मंगवाए थे। चार जुलाई को कुरियर मैन मोबाइल लेकर पंडरा इलाके में पहुंचा तो उसे वह पता नहीं मिला, जहां मोबाइल डिलिवरी करना था। कुरियर मैन ने एक नाबालिग को फोन किया। नाबालिगों ने कुरियर मैन को बार-बार अलग अलग जगह पर बुलाया और अंत में उसे डैम की ओर बुलाकर चाकू के बल पर उसका बैग लूट लिया। बैग में तीन मोबाइल के साथ 75 हजार रुपए के सामान थे। आरोपियों ने मोबाइल निकालकर बैग डैम के समीप फेंक दिया। पुलिस ने बैग बरामद कर लिया है।

जिस नंबर से आर्डर दिया गया था उसी से पकड़ में आये आरोपी

कोतवाली डीएसपी अजीत कुमार विमल का कहना है कि नाबालिगों ने जिस मोबाइल नंबर से आईफोन का ऑर्डर दिया था, पुलिस ने उस नंबर का लोकेशन और कॉल डिटेल निकाला। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर तीनों छात्र पुलिस की गिरफ्त में आ गए।

घरवाले छोड़ने की लगा रहे थे गुहार

तीनों नाबालिगों के पकड़े जाने के बाद परिजन पंडरा थाना पहुंच गए। परिजनों का कहना था कि वे काफी मेहनत कर नाबालिगों को पढ़ा रहे हैं। एक बार उन्हें छोड़ दिया जाए, लेकिन पुलिस ने किसी को नहीं छोड़ा।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *