छतरपुर । मध्य प्रदेश के छतरपुर जिलांतर्गत पर्यटन नगरी खजुराहो में रविवार देर रात एक कार कुएं में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई। देर सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाशी की तो कार कुएं में गिरी मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को निकाल कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार पुरानी बस्ती निवासी भूपेंद्र सिंह चंदेल, जुझार सिंह और भोलू राजा रविवार शाम को बेनीगंज मार्ग स्थित फार्म हाउस पर पार्टी मनाने के लिए गए थे। पार्टी करने के बाद तीनों युवक अपनी इटिआस कार एमपी 16 टी 1959 से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में पडऩे वाले एक प्राचीन सार्वजनिक कुएं में उनकी कार गिर गई और तीनों युवक कार के अंदर फंसे रह गए। जिससे पानी में डूबकर उनकी मौत हो गई। देर रात तक जब तीनों युवक अपने अपने घर नहीं लौटे तो उनके परिजनों ने सोमवार की सुबह तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बेनीगंज मार्ग स्थित सार्वजनिक कुएं में उन्हें कार डूबी हुई दिखाई दी। परिजनों ने तत्काल खजुराहो थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने क्रेन मशीन से कार को बाहर निकाला तो कार के तीनों युवकों के शव मिले। तीनों युवकों की उम्र 30 से 35 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम कराने के उपरांत उनके स्वजनों को सौंप दिए हैं।
Leave a Reply