मध्यप्रदेश के रीवा जिले में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 24 वर्षीय युवक मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है जिस पर अपनी मां का गला किसी धारदार हथियार से काटने और इस जघन्य अपराध का लाइव वीडियो भी शूट करने का आरोप है।
आरोपी की पहचान रीवा जिले के खटिका गांव के रहने वाले धीरेंद्र पांडे के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि रीवा पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया, जिसमें उसने 44 वर्षीय अपनी मां सावित्री पांडे की हत्या का वीडियो शूट किया था। रीवा के पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मृतक सावित्री के 46 वर्षीय पति कृपाशंकर पांडे ने रविवार को पुलिस को सूचना दी कि किसी ने धारदार हथियार से सावित्री पांडे की हत्या कर दी गई है और उसका शव पास के जंगल में फेंक दिया है।
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मां-बेटे के बीच विवाद हो गया था और नाराज मां घर से चली गई। उसका पुत्र धीरेन्द्र पांडे उसकी तलाश कर रहा था और गांव के पास ही उसकी मां मिल गई, जहां उसने बाइक में मां को बैठाकर अंतरैला थाना के लूक गांव स्थित जंगल में ले गया और चाकू से मां का गला रेत कर हत्या कर दी। आरोपित ने घटना का लाइव वीडियो अपने मोबाइल पर बनाया है। पुलिस ने आरोपित का मोबाइल भी जब्त किया है।
पुलिस ने मंगलवार को धीरेंद्र को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। धीरेंद्र ने अपराध करने की बात कबूल कर लिया। उसने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने अपनी करतूत का वीडियो भी बनाया था।
घरेलू विवाद बना कारण
पुलिस की मुताबिक, पुत्र ने मां की जिस बेरहमी के साथ चाकू से हत्या की है, उसके पीछे घर में आए दिन होने वाला विवाद है। बताया जा रहा कि सास-बहू में आए दिन घरेलू विवाद हो रहा था। इसको लेकर आरोपी काफी तनाव में था। घटना के पहले भी घर में जमकर विवाद हुआ था।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत केस दर्ज कर आरोपी को मंगलवार को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
Leave a Reply