धर्मशाला। शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोह में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में शिरकत की और स्कूल के मेधावियों को पुरस्कृत किया। वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में जहां एक ओर बच्चों में भारी उत्साह था वहीं दूसरी ओर बच्चों के अभिभावकों ने भी स्कूल के कार्यक्रम में भाग लिया। स्कूल के बच्चों ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि आज के कठिन प्रतिस्पर्धात्मक युग में छात्रों को परिश्रम एवं निरंतर धैर्य के साथ अपने मुकाम तक पहुंचने का प्रयास करना चाहिये। उन्होंने बच्चों, अध्यापकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका छात्रों को प्रेरित करना है। कुछ छात्र अपने शिक्षक को आदर्श रूप में देखकर उनके जैसा बनने का प्रयास करते हैं। इस प्रकार यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हर शिक्षक प्रत्येक छात्र पर एक सकारात्मक प्रभाव को छोड़े।
उन्होंने कहा कि शिक्षक छात्र के चरित्र को आकार देने और उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने में मदद करते हैं। वे हमें इस दुनिया में मजबूती से मुकाबला करने योग्य बनाने में सक्षम बनाते हैं ताकि हम समझदारी से रास्ते में आने वाली कई चुनौतियों से निपट सकें। सरवीन चौधरी ने कहा कि मोरछ से घढघुं पुल के लिए 2.50 करोड़, भनाला से रुलेढ़ सड़क के लिए 18 लाख, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी के लिए 3 लाख, दरीणी बोह कंक्रीट पेवमेंट के लिए 9.50 लाख, भनाला खास दरीणी बोह रोड के डंगे के लिए 1.50 लाख, मनेड़ पुल के प्रोटेक्शन वर्क के लिए 11 लाख तथा दारीणी बोह रोड प्रोटेक्शन वर्क के लिए 5.42 लाख रुपए व्यय किए जा रहे हैं।
मंत्री ने सांस्कृृतिक कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए 15 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल के कमरों की मुरमत के लिए 5 लाख रुपए की घोषणा तथा स्कूल में साइंस की कक्षाएं अति शीघ्र बैठाने का आश्वासन दिया।
स्कूल के प्रधानाचार्य जोधा राम ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और स्कूल की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने शहरी विकास मंत्री को कमीशन / बैच वाइज भर्ती द्वारा चयनित / नियुक्त अनुबंध से नियमित कर्मचारियों को उनके अनुबंध सेवाकाल का वरिष्ठता लाभ देने व अनुबंध सेवाकाल को कुल सेवा से जोड़ने हेतु मांग पत्र सौंपा। शहरी विकास मंत्री ने उनकी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उचित कार्रवाई के लिए सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
इसके उपरांत शहरी विकास मंत्री ने बोह में लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया और शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये।
इस अवसर पर स्थानीय प्रधान त्रिशला देवी, एसएमसी प्रधान बबली देवी, प्रेस सचिव राकेश मनु, दीपक अवस्थी, विजय कुमार, परवीन कुमार, मिलाप सिंह, करनैल सिंह, एसडीओ लोक निर्माण विभाग बलबीत तथा बच्चों के अभिवावकों सहित स्कूलों के प्रधाध्यापक बच्चे तथा काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Leave a Reply