विशाखापट्टनम। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यहां एसीए-वीसीए स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन बुधवार को बारिश के कारण खेल पूरा नहीं हो सका। बारिश के कारण दिन के आखिरी सत्र का खेल नहीं हो सका और समय से काफी पहले दिन के खेल समाप्ति की घोषणा कर दी गई। पहले दिन सिर्फ दो सत्र का ही खेल हो सका जिसमें भारत ने 59.1 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 202 रन बना लिए हैं।
रोहित शर्मा 115 और मयंक अग्रवाल 84 रन बनाकर नाबाद हैं। रोहित ने अभी तक 174 गेंदों का सामना किया है और 12 चौके तथा पांच छक्के लगाए हैं। मयंक ने 183 गेंदें खेलीं हैं। उनकी पारी में 11 चौके और दो छक्के शामिल हैं। रोहित पहली बार टेस्ट में ओपनिंग पर उतरे और शतक जमाने में सफल रहे।
इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दोनों टीमों की नजरें इस मुकाबले को जीतकर बढ़त हासिल करने पर होंगी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। मेजबान टीम ने इस मैच के लिए युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह अनुभवी रिद्धिमान साहा को टीम में जगह दी है। दक्षिण अफ्रीका की टीम इस मैच के साथ अपने आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप के अभियान की भी शुरुआत करेगी।
भारत : विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी।
दक्षिण अफ्रीका : एडिन मार्कराम, डीन एल्गर, थेयुनिस डे बु्रइन, तेम्बा बावुमा (उप-कप्तान), फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), वर्नोन फिलेंडर, सेनुरान मुतुसामी, केशव महाराज, डेन पिट, कागिसो रबाडा।
Leave a Reply