Badminton:जापान ओपन से बाहर श्रीकांत और समीर

Badminton:जापान ओपन से बाहर श्रीकांत और समीर

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी के श्रीकांत का खराब फॉर्म जापान ओपन में भी जारी रहा। उन्हें बुधवार को यहां पहले दौर में ही हमवतन एच एस प्रणय से हार का सामना करना पड़ा।
समीर वर्मा भी पहले दौरे से आगे नहीं बढ़ पाए और डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन से सीधे गेम में हार गए। गैरवरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी को 46 मिनट तक चले मैच में 17-21, 12-21 से पराजय का सामना करना पड़ा।

एचएस प्रणय ने अपने से अधिक रैंकिंग के श्रीकांत को 13-21, 21-11, 22-20 से हराया। यह मैच 59 मिनट तक चला। आठवीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत का प्रणय के खिलाफ रिकॉर्ड बेहतर रहा है। उन्होंने पहला गेम आसानी से अपने नाम किया।

प्रणय ने दूसरे गेम में शानदार वापसी की और फिर रोमांचक मोड़ पर पहुंचे तीसरे और निर्णायक गेम में महत्वपूर्ण मौकों पर अंक बटोरे। वह दूसरे दौर में डेनमार्क के रासमुस गेमके का सामना करेंगे।

विश्व के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत इस सत्र में फॉर्म से जूझ रहे हैं। वह पिछले सप्ताह इंडोनेशिया ओपन में दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए थे। इस बीच प्रणव जेरी चोपड़ा और सिक्की रेड्डी की जोड़ी भी मिश्रित युगल से बाहर हो गई है। उन्हें चीन के झेंड सी वेइ और हुआंग या कियोंग ने 21-11, 21-14 से हराया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *