न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीता ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट

[object Promise]

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने राउंड रॉबिन चरण में मिली हार का बदला चुकता करते हुए न्यूजीलैंड को फाइनल में 5-0 से हराकर ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट जीत लिया है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह (सातवां मिनट) ने पहला गोल किया जबकि शमशेर सिंह (18वां), नीलाकांता शर्मा (22वां), गुरसाहिबजीत सिंह (26वां) और मनदीप सिंह (27वां) ने बाकी गोल दागे।

भारत को राउंड रॉबिन चरण में न्यूजीलैंड ने 1-2 से हराया था। दोनों टीमों ने संभलकर खेलना शुरू किया। भारत को सातवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर गोल नहीं हो सका। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत ने उसी मिनट मिले दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके टीम को बढ़त दिलाई।

भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण जारी रखा और पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त कायम रही। शमशेर ने 18वें मिनट में भारत के लिये दूसरा गोल पेनल्टी कॉर्नर पर दागा। न्यूजीलैंड की टीम दूसरे क्वार्टर में दो बार सर्कल में घुसने में कामयाब रही, जबकि भारत ने तीन और गोल दाग दिए।

नीलाकांता ने 22वें मिनट में तीसरा गोल किया। इसके बाद गुरसाहिबजीत सिंह और मनदीप ने लगातार गोल दागे। इसके बाद तीसरे और चौथे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हो सका। आखिरी क्वार्टर में भारतीय डिफेंडरों ने दमदार प्रदर्शन करके न्यूजीलैंड को कोई मौका नहीं दिया।

बता दें कि एफआईएच (FIH) ओलिंपिक क्वॉलिफायर का विजेता 2020 टोक्यो ओलिंपिक (Tokyo Olympic 2020) में अपना स्थान पक्का कर लेगा। यह क्वॉलिफायर इस साल के अंत में नंवबर में आयोजित होने हैं। ओलंपिक क्वॉलिफायर से पहले हॉकी टीमों को इस ओलंपिक टेस्ट इवेंट में खेलना था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *