पुणे। भारत ने यहां महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को दक्षिण अफ्रीका को उसकी पहली पारी में 275 रन पर ऑल आउट कर दिया। भारत ने अपनी पहली पारी शुक्रवार को पांच विकेट पर 601 रनों पर घोषित कर दी थी। इस लिहाज से दक्षिण अफ्रीका अभी भारत के स्कोर से 326 रन पीछे है। दक्षिण अफ्रीका के ऑल आउट होते ही स्टंप्स की घोषणा कर दी गई।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से निचले क्रम के बल्लेबाज केशव महाराज ने 132 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से सर्वाधिक 72 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 64, वर्नोन फिलेंडर ने नाबाद 44 , थ्यूनिस डी ब्यून ने 30 और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक ने 31 रन बनाए। महाराज और फिलेंडर ने नौवें विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी की।
भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने चार, तेज गेंदबाज उमेश यादव ने तीन, मोहम्मद शमी ने दो और रविंद्र जडेजा ने एक विकेट हासिल किया। अश्विन ने इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने 50 विकेट पूरे कर लिए हैं। इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी 601/5 रन पर घोषित की थी।
कप्तान विराट कोहली 252 रन पर नाबाद लौटे। मयंक अग्रवाल ने 108, रवींद्र जडेजा ने 91, अजिंक्य रहाणे ने 59 और चेतेश्वर पुजारा ने 58 रन का योगदान दिया। कागिसो रबाडा ने तीन विकेट चटकाए। विशाखापट्टनम में खेला गया पहला टेस्ट भारत ने 203 रन से जीता था।
Leave a Reply