महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर के बेटे अर्जुन तेंडलकर आज अपना 20वां बर्थडे मना रहे हैं। इस मौके पर अर्जुन को उनके पिता के बचपन के दोस्त और पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ने खास दुआ के साथ विश किया है। साथ ही उन्होंने अर्जुन की हाइट को लेकर चुटकी भी ली है।
कांबली ने अर्जुन तेंडुलकर को बर्थडे विश ट्वीट कर किया। इस विश के साथ उन्होंने अर्जुन और खुद की दो तस्वीरें भी पोस्ट की हैं। पहली तस्वीर में 10 नंबर की टीशर्ट पहने अर्जुन चार या पांच साल के नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर अभी की है, जिसमें अर्जुन और कांबली ने एक ही रंग की टीशर्ट पहनी है।
अपने ट्वीट में कांबली ने लिखा, ‘हैपी बर्थडे अर्जुन। दुआ करता हूं कि आपका क्रिकेटिंग करियर आपकी लंबाई की दर के हिसाब से ही लगातार बढ़ता रहे।’ इसके बाद कांबली ने एक हंसता हुआ इमोजी भी इस्तेमाल किया है।
बता दें अर्जुन अपने पिता की ही तरह इन दिनों मुंबई के लिए क्रिकेट खेल रहे हैं। वह अपने शहर मुंबई की टीम के लिए अंडर-14, अंडर- 16 और अंडर- 19 क्रिकेट खेल चुके हैं। लेकिन अभी उन्हें अपने करियर में फर्स्ट क्लास, लिस्ट A और अपने आईपीएल डेब्यू की दरकार है।
Leave a Reply