इस श्रीलंकाई गेंदबाज ने बनाया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20 मैच में अनचाहा विश्व रिकॉर्ड

[object Promise]

एडिलेड। यहां रविवार को ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच तीन मैच की सीरीज का पहला टी20 मुकाबला खेला गया। इसमें ऑस्ट्रेलिया ने 134 रन के विशाल अंतर से जीत दर्ज की। कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट पर 233 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। मेजबान बल्लेबाजों ने मेहमान गेंदबाजों की जमकर ठुकाई की।

बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 56 गेंदों पर 10 चौकों व चार छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन ठोके। यह उनका अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में पहला शतक है। उन्होंने कप्तान आरोन फिंच के साथ पहले विकेट के लिए 10.5 ओवर में ही 122 रन की साझेदारी कर डाली। फिंच ने 36 गेंदों पर आठ चौकों व तीन छक्कों की बदौलत 64 रन बटोरे।

ग्लेन मेक्सवैल ने 28 गेंदों पर सात चौके व तीन छक्के उड़ाकर 62 रन जुटाए। यूं तो सभी श्रीलंकाई गेंदबाजों ने रन पिटवाए, लेकिन दाएं हाथ के तेज गेंदबाज कसुन रजिथा इस मैच को कभी याद नहीं रखना चाहेंगे। उन्होंने एक टी20 मुकाबले में सर्वाधिक रन ठुकवाने का अनचाहा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

रजिथा ने चार ओवर में 75 रन दिए। उनकी गेंदों पर 7 चौके और 6 छक्के लगे। रजिथा का यह 10वां टी20 मैच था। वे 6 टेस्ट और 9 वनडे भी खेल चुके हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड तुर्की के तुनाहन तुरन के नाम था। तुरन ने अगस्त में चेक रिपब्लिक के खिलाफ चार ओवर में 70 रन दिए थे। गेंदबाजों की जैसे श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भी घुटने टेक दिए।

टीम नौ विकेट पर 99 रन ही बना सकी। दासुन शनाका ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। कप्तान लसिथ मलिंगा (नाबाद 13) सहित चार और बल्लेबाज दोहरे अंकों में पहुंचे। एडम जम्पा ने तीन, पैट कमिंस व मिशेल स्टार्क ने 2-2 और एश्टन अगर ने 1 विकेट लिया। वार्नर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *