Blog

  • मुंबई पुलिस ने बच्चे को दूध पिला रही महिला को कार समेत उठाया

    मुंबई पुलिस ने बच्चे को दूध पिला रही महिला को कार समेत उठाया

     

     

    मुंबई ट्रैफिक पुलिस का दिल को झकझोर कर रख देने वाला चेहरा सामने आया है. ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने एक निजी कार को उठवा लिया जिसमें एक बीमार महिला अपने सात महीने के बच्चे को दूध पिला रही थी. घटना शुक्रवार शाम उत्तर-पश्चिम के उपनगर मलाड (पश्चिम) की व्यस्त एस. वी. रोड की है. घटना का वीडियो एक स्थानीय नागरिक ने बनाया था जिसे महिला का पति बताया जा रहा है. यह वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.

    घटना को गंभीरता से लेते हुए मुंबई के संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक)अमितेश कुमार ने पुलिस उपायुक्त – पश्चिम (डीसीपी-पश्चिम) को तुरंत जांच का आदेश दिया है.

    कुमार ने शनिवार शाम एक बयान में आश्वासन दिया कि उन्हें (डीसीपी-वेस्ट) तुरंत इस घटना की जांच करने का आदेश दिया गया है. रविवार रिपोर्ट मिलने के बाद मामले को सही और कड़ाई से निपटा जाएगा.

    जानकारी के मुताबिक, 20 साल की एक महिला, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है अपने सात महीने के बच्चे के साथ सफेद कार में बैठी हुई थी कि तभी एक टो वैन ने अचानक कार को उठाकर ले जाना शुरू कर दिया.उसने पुलिस कर्मी से अनुरोध किया कि वह टो न करें. ट्रैफिक पुलिसकर्मी का नाम शशांक राणे है, जिसने ड्यूटी के दौरान अपने नाम का बिल्ला नहीं पहना था. बिल्ला न पहनना महाराष्ट्र पुलिस के नियमों के खिलाफ है.

    इससे पहले, पुलिसकर्मी ने मुस्कुरा कर अपने नाम की पुष्टि की और महिला से गाड़ी को टो करने से पहले वाहन से उतरने का अनुरोध भी किया लेकिन महिला ने अपने बच्चे की नर्सिग करने और खुद को अस्वस्थ बताकर गाड़ी से उतरने से मना कर दिया.

    महिला ने खिड़की से एक चिकित्सा विवरण दिखाया था और वीडियोग्राफर को बताया कि वह बीमार है और अपने भूखे बच्चे को स्तनपान करा रही है, जो वीडियो में दिखाई दे रहा था. महिला ने दावा किया कि वहां खड़े दो अन्य वाहनों को पुलिस ने नहीं उठाया और उनकी कार को उसकी हताशा सुने बिना उठा लिया.

     

  • लोकतंत्र में सबको सबकी आलोचना का अधिकार: रवि शंकर प्रसाद

    लोकतंत्र में सबको सबकी आलोचना का अधिकार: रवि शंकर प्रसाद

     

     

    गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर
    कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए
    केन्द्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने शनिवार को कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को दूसरे की आलोचना करने का अधिकार है.

    केन्द्रीय विधि एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि एक बात समझने की कोशिश कीजिए. ‘उत्तर प्रदेश में दो लड़के: राहुल एवं अखिलेश यादव साथ आए. गुजरात में चार लड़के: हार्दिक पटेल, जिग्नेश मेवानी, अल्पेश ठाकोर एवं राहुल गांधी साथ आए. एक दिल्ली से गया जबकि बाकी तीन गुजरात से हैं. लोकतंत्र में हर को हर की सवारी करने का अधिकार है लेकिन गुजरात में जो काम हुआ है और जनता का जो मूड है, वो परिणामों में नज़र आएगा. इस बारे में अभी क्यों बहस करें.’

    एक अखबार के कार्यक्रम में प्रसाद ने इन आरोपों से इंकार किया कि गुजरात के युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अनुपस्थिति में अपनी बात कहना शुरू किया है. उन्होंने कहा कि जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब भी बोलने की आज़ादी थी.

    उन्होंने कहा कि हम ज़मीन पर हैं इसलिए सर्वे में हम नज़र आ रहे हैं. प्रसाद ने कहा कि आईटी मंत्री होने के नाते उन्हें अपने देश पर गर्व है क्योंकि देश अब बदल रहा है.उन्होंने कहा कि इस बात की तकलीफ है कि बडे़-बडे़ लोगों की बड़ी पार्टियां सिकुड़ रही हैं. ‘आज मैं बड़ी पीड़ा के साथ कहना चाहता हूं कि बडे़-बडे़ लोगों की बड़ी-बड़ी पार्टियां सिमटती जा रही हैं. फिर भी हिन्दुस्तान कहां जा रहा है, लोग समझ नहीं पा रहे हैं.’

    डिजिटल प्रगति के बारे में उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल बेच पाएं इसके लिए हमने डिजिटल माध्यम शुरू किया है और इससे देश की 450 मंडियों को जोड़ा गया है. किसान मंडी में एक क्लिक के ज़रिए अपने उत्पाद बेच सकते हैं.

    उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि राजीव गांधी कहते थे कि हम दिल्ली से एक रुपया भेजते हैं लेकिन उत्तर प्रदेश के गांव में केवल 15 पैसे पहुंच पाते हैं. लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में हम दिल्ली से हज़ार रुपए भेजते हैं और वो हज़ार रुपए गरीब के बैंक खाते में पहुंचते हैं.

  • प्रथम विश्वयुद्ध में मारे गये सैनिकों के अवशेष फ्रांस में दफनाए जाएंगे

    प्रथम विश्वयुद्ध में मारे गये सैनिकों के अवशेष फ्रांस में दफनाए जाएंगे

     

     

    भारतीय सेना की 39वीं रॅायल गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों के अवशेषों को फ्रांस के ला जॉर्ज सैन्य कब्रिस्तान में 12 नवंबर को दफनाया जाएगा. यह दोनों भारतीय सैनिक प्रथम विश्वयुद्ध के दौरान फ्रांस में शहीद हो गये थे.

    सेना ने एक बयान में कहा कि पिछले साल 20 सितंबर को पेरिस से करीब 230 किमी दूर लावेन्टी सैन्य कब्रिस्तान के निकट रिचेबोर्ग गांव के दक्षिणी हिस्से में खुदाई के दौरान दो मानव अवशेष पाये गये थे. अवशेषों के पास से बरामद सामान की जांच के बाद उनकी पहचान 39वीं रॉयल गढ़वाल रायफल्स के जवानों की तौर पर हुई थी.

    बयान के मुताबिक, इन गुमनाम नायकों की कब्र के संरक्षक राष्ट्रमंडल युद्ध कब्र आयोग कार्यालय (सीडब्ल्यूडब्ल्यूजीसी) ने फ्रांसीसी सरकार और फ्रांस में भारतीय दूतावास के साथ परामर्श के बाद लावेंती सैन्य कब्रिस्तान में उन्हें पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ दफनाने का फैसला किया.

  • स्मॉग की वजह से 64 ट्रेनें लेट, 14 के समय में हुआ बदलाव

    स्मॉग की वजह से 64 ट्रेनें लेट, 14 के समय में हुआ बदलाव

     

     

    दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों में स्मॉग का असर बना हुआ है. कई इलाकों में विजिबिलिटी कम हो गई है. इससे रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा है.

    स्मॉग और कोहरे की वजह से 64 ट्रेनें लेट हैं. वहीं 14 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है. जबकि 2 ट्रेन कैंसिल की गई हैं. कई फ्लाइट्स भी प्रभावित हुई हैं.

    स्मॉग की वजह से सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार भी धीमी हुई हैं. कई जगह रोड एक्सिडेंट के भी मामले सामने आए हैं.

    वहीं, दिल्ली-एनसीआर में जहरीले स्मॉग के असर को कम करने के लिए हेलीकॉप्टर से बौछार के बारे में विचार किया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारी इसे लेकर मीटिंग कर रहे हैं और स्थिति बेहतर नहीं होने पर इसके लिए प्रयास की जाएगी.

  • अरूणाचल की दो विधानसभा सीटों पर उप चुनाव कराने की कांग्रेस की मांग

    अरूणाचल की दो विधानसभा सीटों पर उप चुनाव कराने की कांग्रेस की मांग

     

     

    अरूणाचल प्रदेश में कई महीनो से खाली दो विधानसभा सीटों पर उप चुनाव कराने के लिए कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से अपील की है. गौरतलब है कि पूर्वी कमेंग तथा निचले सियांग जिले के क्रमश: दो विधानसभा सीटें पक्के केसांग और लिकाबाली कई महीनो से खाली है.

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष टकम संजय ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त अचल कुमार जोति को पत्र लिख कर कहा है कि पक्के केसांग विधानसभा सीट इस साल आठ फरवरी से खाली है.

    उच्चतम न्यायालय के एक फैसले के बाद पूर्व उप मुख्यमंत्री तथा तत्कालीन विधायक कमेंगे डोलो की विधानसभा की सदस्यता समाप्त हो गई थी.

    संविधान के अनुसार किसी विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव छह महीने के भीतर संपन्न करा लिया जाना चाहिए.कांग्रेस नेता ने अपने पत्र में लिखा है, ‘छह महीने की समय सीमा बीत जाने के बावजूद आपके कार्यालय की तरफ से इन सीटों पर विधानसभा उप चुनाव कराने की घोषणा नहीं किया जाना अभूतपूर्व, मनमाना और संवैधानिक प्रावधानों के खिलाफ है.’’ निर्वाचन आयोग ने विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था और कहा था कि इस साल 29 जुलाई को चुनाव कराया जायेगा लेकिन उस समय प्रदेश में खराब मौसम के कारण इसे रद्द कर दिया गया था.

    पत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा है कि लिकाबाली विधानसभा सीट चार सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री जोम्दे केना के निधन से खाली हुई है.

  • माओ के बाद शी चीन के सबसे ताकतवर नेता: ट्रंप

    माओ के बाद शी चीन के सबसे ताकतवर नेता: ट्रंप

     

     

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का कहना है कि माओत्से तुंग के बाद शी चिनफिंग चीन के सर्वाधिक शक्तिशाली नेता हैं. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि दोनों नेताओं के बीच बहुत अच्छे संबंध विकसित हो गए हैं.

    सीएनएन की खबर के अनुसार, चीन से वियतनाम पहुंचे ट्रम्प ने कहा कि शी के साथ उनकी मुलाकात बहुत ही सफल रही. अमेरिकी राष्ट्रपति ने एशिया प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन में कोरिया प्रायद्वीप के विसैन्यीकरण पर दिए गए बयान के लिए शी की तारीफ की.

    ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने बयान दिया कि वह उत्तर कोरिया को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए प्रतिबद्ध हैं. यह एक बड़ा बयान है.

    वियतनाम के नेताओं से एक शिखर बैठक करने के लिए दा नांग से एयरफोर्स वन विमान से रवाना हुए ट्रंप ने कहा कि वह माओ के बाद सर्वाधिक शक्तिशाली चीनी नेता हैं. कुछ लोगों ने कहा कि वह माओ से अधिक शक्तिशाली हैं.

  • ‘अगले साल 10 प्रतिशत तक बढ़ेगी सैलेरी’

    ‘अगले साल 10 प्रतिशत तक बढ़ेगी सैलेरी’

     

     

    एक रिपोर्ट के अनुसार, अगले साल वेतन में 10 प्रतिशत की वृद्धि रहना अनुमानित है जो कि एशिया प्रशांत क्षेत्र में सर्वाधिक वृद्धि होगी.

    परामर्श और ब्रोकिंग फर्म विलिस टावर्स वाटसन ने अपनी रिपोर्ट में यह निष्कर्ष निकाला है और कहा है कि सबसे अधिक वेतन वृद्धि उर्जा, एफएमसीजी और खुदरा क्षेत्रों में अनुमानित है.

    इसके अनुसार, ‘भारत में 2018 में वेतन में 10 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है. 2017 में भी वेतन में वास्तविक वृद्धि इतनी ही रही थी.’

    इस रिपोर्ट में बीपीओ, रसायन, निर्माण और अभियांत्रिकी, कंज्यूमर प्रोडक्ट और खुदरा, वित्तीय सेवा, उच्च प्रौद्योगिकी, विनिर्माण, मीडिया, फार्मास्युटिक्ल, स्वास्थ्य विज्ञान और कारोबार जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है.इसके अनुसार यह रिपोर्ट एशिया प्रशांत क्षेत्र में जुलाई महीने में 4000 भागीदारों की राय पर आधारित है. इसमें भारतीय बाजार में लगभग 300 कंपनियों ने भाग लिया.

    ये भी पढ़ें: घटेंगे GST स्लैब, 80 फीसदी चीज़ें होंगी सस्ती!

    2022 में ही दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, रेलवे ने तय किया टारगेट

  • कोर्ट से लापता बच्ची का मामला : पुलिसवालों पर हो सकती है कार्यवाही !

    कोर्ट से लापता बच्ची का मामला : पुलिसवालों पर हो सकती है कार्यवाही !

     

     

    बंबई उच्च न्यायालय ने पांच साल पहले लापता हुई एक बच्ची को ढूंढने में मुंबई पुलिस की नाकामी को गंभीरता से लेते हुए चेतावनी दी है. अदालत ने कहा कि अगर पुलिस विभाग जल्द अपनी कार्रवाई ठीक तरीके से नहीं करती तो अदालत उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने से नहीं हिचकेगी.

    न्यायमूर्ति एस सी धर्माधिकारी एवं न्यायमूर्ति भारती डांगरे की खंडपीठ ने हाल में पुलिस की उस दलील को खारिज कर दिया कि बच्ची का पता लगाने में पुलिस ने हर संभव प्रयास किया और आखिरकार वे इस नतीजे पर पहुंचे कि बच्ची का पता लगाना नामुमकिन है.

    पीठ ने सवाल किया कि आखिर पुलिस ने निर्माण स्थलों, घरेलू सहायक एजेंसी, मछुआरों, अवैध भट्टियों, ऑटोमोबाइल गैरेज इत्यादि जगहों पर पूछताछ क्यों नहीं की. जबकि कई बार अपहरण किये गये या गुमशुदा हुए अधिकतर बच्चों की तलाश हमेशा यहीं आ कर खत्म होती है.

    पीठ ने टिप्पणी की, पुलिस महकमा ने अपने हाथ बांध लिये हैं और कहते हैं कि बच्ची का पता लगाना नामुमकिन है. पुलिस कहती है कि उन्होंने हर संभव प्रयास किया. दायर रिपोर्ट में यह संकेत नहीं मिलता कि इसके लिये तमाम प्रयास किये गये.उन्होंने कहा, किसी निर्माण स्थल, अवैध भट्टी, गैरेज पर छापा नहीं मारा गया। नागरिक के तौर पर हम अपने आस पास देखते हैं कि कार धुलवाने, घरों एवं बर्तनों की सफाई के काम, बच्चों की देखभाल जैसे काम घरेलू सहायक या कामगार के तौर काम करने वाले बच्चों से कराये जाते हैं. हमें यह समझ नहीं आता कि कैसे पुलिस महकमा इन सभी को देख नहीं पाया. इनमें से कई बच्चे पुलिस में दर्ज गुमशुदगी की शिकायत की विषयवस्तु हो सकते हैं.

  • पाकिस्तानी सेना ने LOC पर तोड़ा सीजफायर

    पाकिस्तानी सेना ने LOC पर तोड़ा सीजफायर

     

     

    पाकिस्तानी सेना ने जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया. इस घटना में भारत की ओर से किसी के हताहत होने या किसी तरह की क्षति की कोई खबर नहीं है.

    रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार शाम को नौशेरा सेक्टर के लाम क्षेत्र में बिना किसी उकसावे के भारी गोलीबारी की. उन्होंने मोर्टार और छोटे हथियारों से भारतीय चौकियों पर निशाना साधा.

    सूत्रों के मुताबिक, हमारे जवानों ने मुस्तैदी से और प्रभावी तरीके से जवाब दिया. दोनों ओर से गोलीबारी शाम पांच बजे शुरू हुई और यह दो घंटे तक जारी रही. इस क्षेत्र में गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के दौरे से एक दिन पहले संघर्ष विराम उल्लंघन की घटना हुई है.

    गृह मंत्रालय की इस टीम ने शुक्रवार को जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों में अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों का दौरा किया था. टीम की शनिवार को राजौरी और पुंछ जिलों में एलओसी से सटे क्षेत्रों का दौरा करने की योजना है.गृह मंत्रालय की यह टीम सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय लोगों की समस्याएं जानने के लिए उनसे मुलाकात कर रही है. सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को पाकिस्तान की ओर से बार-बार की जा रही संघर्ष विराम की घटनाओं का खामियाजा भुगतना पड़ता है.

  • 4 साल में बेकार हो जायेंगे डेबिट, क्रेडिट कार्ड और ATM

    4 साल में बेकार हो जायेंगे डेबिट, क्रेडिट कार्ड और ATM

     

     

    नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने शनिवार को कहा कि डेबिट और क्रेडिट कार्ड के साथ साथ एटीएम भी अगले तीन से चार साल में बेकार हो जायेंगे और वित्तीय लेनदेन के लिये लोग अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल करेंगे.

    उन्होंने कहा कि भारत में 72 प्रतिशत जनसंख्या 32 साल से कम उम्र के लोगों की है. ऐसे में उसके लिये यह अमेरिका और यूरोप के देशों के मुकाबले जनसांख्यिकीय लाभांश की स्थिति दर्शाता है.

    कांत ने यहां अमेटी विश्वविद्यालय के नोएडा कैंपस में एक सभा को संबोधित करते हुये कहा, ‘‘भारत में क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और एटीएम की प्रौद्योगिकी अगले तीन से चार साल में बेकार हो जायेगी और हम सभी तमाम लेनदेन करने के लिये अपने मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे होंगे.’’

    कांत को अमेटी विश्वविद्यालय में डाक्टरेट की मानद उपाधि दी गई.उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में एकमात्र देश हैं जहां अरबों की संख्या में बायोमेट्रिक डेटा उपलब्ध हैं. इसके साथ ही मोबाइल फोन और बैंक खाते भी हैं इसलिये भविष्य में यह एकमात्र देश होगा जहां कई तरह की नई चीजें होंगी. ज्यादा से ज्यादा वित्तीय लेनदेन मोबाइल फोन के जरिये किये जायेंगे और यह रुझान पहले से ही दिखने लगा है.