नई दिल्ली l आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू इन दिनों गैर-एनडीए दलों को एकजुट करने की कोशिशों को लेकर चर्चाओं में है। नायडू अब मंगलवार को दिल्ली में वीवीपैट को लेकर प्रदर्शन करने वाले हैं। वीपीपैट को लेकर नायडू इससे पहले भी आवाज बुलंद करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने ‘अपराधियों’ के साथ चुनाव लड़ा है, इसलिए कम से कम 50 प्रतिशत वीपीपैट की गिनती पर जोर दे रहे हैं। चंद्रबाबू नायडू ने कहा, पर्चियों की गिनती को लेकर पार्टियों को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। पारदर्शी चुनाव के लिए लड़ने को लेकर हाल ही में टीडीपी की सराहना हुई थी। बीजेपी इस कदम का विरोध क्यों कर रही है?
टीडीपी प्रमुख ने इसके साथ ही एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज कर दिया। एग्जिट पोल के नतीजे आंध्र प्रदेश में उनकी सत्ता को जाते हुए दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे चुनाव में जीत को लेकर आश्वस्त हैं। नायडू ने सोमवार शाम पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से मुलाकात की। अब वे ममता के साथ यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी से मिलने के लिए जाएंगे।
लोकसभा चुनाव समाप्त होने के साथ विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल भी सामने आ गए। लगभग सभी एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार लौटती दिख रही है। एग्जिट पोल्स के नतीजों के बाद विपक्षी खेमा बातचीत में व्यस्त नजर आ रहा है। राहुल गांधी, मायावती और अखिलेश यादव जैसे नेताओं के साथ मुलाकात के बाद नायडू ममता बनर्जी के साथ मुलाकात करने जा रहे हैं।
Leave a Reply