अगरतलाः त्रिपुरा से हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक त्रिपुरा के खोवई जिले में एक शाकाहारी महिला ने पहले चिकन खाया फिर 50 वर्षीय अपने पति का सिर काट दिया और खून से लथपथ सिर को प्लास्टिक की थैली में परिवार के मंदिर में रख दिया. घटना के बाद पुलिस आगे की जांच में जुट गई है. यह घटना खोवई जिले की है।
वारदात को अंजाम देने वाली महिला सावित्री तांती शाकाहारी थी, लेकिन उसने शुक्रवार की रात चिकन खाया था। इसके साथ ही वह पिछले कुछ दिनों से अजीब सी हरकतें किया करती थी, अकेले में बैठकर बातें किया करती थी। सावित्री के बेटे ने बताया कि घटना वाली रात भी वह अजीब हरकतें कर रही थी। पूछने पर टॉयलेट के बहाने कमरे से बाहर गई और फिर साड़ी के पल्लू में कुछ बाँधकर सो गई। बताया गया कि वह मानसिक रूप से बीमार थी।
सावित्री तांती अपने पति और दो नाबालिग बेटों के साथ खोवई जिले के इंदिरा कॉलोनी में रहती है। उसके बड़े बेटे ने बताया कि जब आधी रात को उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि उसकी माँ के हाथ में चॉपर (बड़ा चाकू) है और वहीं पर खून से लथपथ पिता का शव पड़ा हुआ था। उसने जैसे ही कंबल हटाया और पिता का सिर धड़ से अलग देखा तो उसके होश उड़ गए। फिर जब उसने शोर मचाया तो स्थानीय लोग उनके घर पर जमा हो गए और दोनों बच्चों को बचा लिया। इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अमिताभ पॉल के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम शनिवार (12 मार्च 2022) तड़के घटनास्थल पर पहुँची और आरोपित पत्नी को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी मौके से बरामद कर लिया गया है।
खोवई के पुलिस अधीक्षक भानुपद चक्रवर्ती ने मामले में जानकारी देते हुए कहा कि हत्या के पीछे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. दंपति के बड़े बेटे ने कहा कि उनकी मां हाल ही में एक मनोवैज्ञानिक बीमारी से ग्रसित हो गई हैं. उनका एक स्थानीय तांत्रिक द्वारा इलाज किया गया था. एडीशनल एसपी अमिताभ पॉल ने कहा, “जाँच जारी है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।” उन्होंने कहा कि शुरुआती सबूत बताते हैं कि मृतक की हत्या उसकी पत्नी ने की। लेकिन घटना के असली रहस्य का पता पूरी पड़ताल के बाद ही चल पाएगा।
Leave a Reply