Unlock 2.0 : इन राज्‍यों में ‘अनलॉक-2’ नहीं होगा लागू ….

[object Promise]

नई दिल्‍ली। कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देशभर में लगाए गए लॉकडाउन से थम-सी गई जिंदगी को अब फिर से गति देने की प्रक्रिया जारी है। अनलॉक-1 खत्म होने से एक दिन पहले केंद्र सरकार ने सोमवार रात अनलॉक-2 के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अनलॉक-2 एक जुलाई से प्रभावी होगा। हालांकि, देश के कुछ राज्‍यों में अनलॉक-2 लागू नहीं होगा, क्‍योंकि यहां हालात अभी काबू में नहीं हैं। इनमें महाराष्‍ट्र और तमिलनाडु शामिल हैं।

महाराष्‍ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बड़ी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाए जाने का निर्णय राज्‍य सरकार ने लिया है। ऐसे में महाराष्‍ट्र में अनलॉक-2 लागू नहीं होगा। देश में सबसे ज्‍यादा कोरोना वायरस संक्रमण के मामले महाराष्‍ट्र में हैं। यहां अब तक 1,69,883 लोग इस जानलेवा वायरस की चपेट में आ चुके हैं। वहीं, 7610 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्‍य में इस समय 73,313 एक्टिव केस हैं। ये ऐसे लोग हैं, जिनका इलाज अभी चल रहा है। ऐसे में यदि महाराष्‍ट्र में अनलॉक-2 की गाइडलाइंस लागू कर दी जाती हैं, तो हालात और बेकाबू हो सकते हैं।

महाराष्‍ट्र के बाद तमिलनाडु सरकार ने एलान किया कि लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाया जाएगा। चेन्नई और कांचीपुरम, चेंगलपट्टू और तिरुवल्लुवर समेत मदुरै और ग्रेटर चेन्नई पुलिस की सीमा में 5 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। तमिलनाडु में इस समय 37,334 एक्टिव कोरोना केस हैं। वहीं, कुल संक्रमितों की संख्‍या 86,224 हो गई है। ऐसे में तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री के पलानीसामी ने कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए कई सख्‍त कदम उठाए हैं। ऐसे में 5 जुलाई से पहले राज्‍य में अनलॉक-2 लागू नहीं होगा।

बता दें कि भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 418 मौतें हुईं हैं और 18,522 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, इन्‍हें मिलाकर भारत में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5,66,840 हो गई है। इनमें 2,15,125 सक्रिय मामले, 3,34,822 ठीक हो चुके लोग और 16,893 मौतें शामिल हैं।

गौरतलब है कि देश की अर्थव्‍यवस्‍था को फिर से पटरी पर लाने के लिए चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन का खोलने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, ताकि कोरोना वायरस को फैलने से रोका जा सके। केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से जारी दिशा- निर्देशों के मुताबिक, अनलॉक-2 में स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थान 31 जुलाई तक बंद रहेंगे। इसके बाद राज्यों के साथ विचार-विमर्श के बाद ही इन्हें खोलने का फैसला किया जाएगा। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी अभी रोक रहेगी। हालांकि, वंदे भारत अभियान के तहत अंतराष्ट्रीय उड़ानों को छूट रहेगी। घरेलू उड़ानों और यात्री ट्रेनों का दायरा भी चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा, लेकिन मेट्रो रेल, सिनेमा, जिम और बार बंद रहेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *