UK में भी पद्मावती का विरोध करेगी राजपूत सेना, प्रदर्शन की तैयारी

UK में भी पद्मावती का विरोध करेगी राजपूत सेना, प्रदर्शन की तैयारी

 

 

संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ पर मचा बवाल अब यूनाइटेड किंगडम पहुंच गया है. लंदन में राजपूत ग्रुप ब्रिटिश सेंसर बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहा है. बता दें कि ब्रिटिश सेंसर बोर्ड ने फिल्म को बिना किसी कट के पास कर दिया है और एक दिसंबर से रिलीज को हरी झंडी दे दी है.

ब्रिटिश सेंसर बोर्ड ने फिल्म को 12 A रेटिंग दी है. इसका मतलब है कि फिल्म को 12 साल से कम उम्र के बच्चे किसी बालिग व्यक्ति के साथ ही देख सकेंगे. हालांकि, लंदन राजपूत समाज ने ब्रिटिश सेंसर बोर्ड को चिट्ठी लिखी है और अपने निर्णय पर दोबारा विचार करने को कहा है.

यूनाइटेड किंगडम में राजपूत सेना के अध्यक्ष महेंद्र सिंह जडेजा ने सीएनएन न्यूज 18 से बात करते हुए कहा, हम राजपूत समाज के लोग पद्मावती को लेकर बहुत चिंतित हैं. हमने बीबीएफसी को लेटर लिखा है. हम योजना बना रहे हैं कि फिल्म को यूके में भी रिलीज होने न दें. इसके लिए कैंपेन और प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, हमने लिगल ओपिनियन की भी बात की है और इसपर कानून के अंतर्गत ही रोक लगाने का प्रयास कर रहे हैं. यह पहला मौका नहीं है जब भंसाली ने इतिहास के साथ छेड़छाड़ किया है. इस बार हमें विश्वास है कि उन्होंने पूरी कहानी के साथ छेड़छाड़ की होगी. हम ये सुनिश्चित करना चाहते हैं कि लोग सच्चे इतिहास से वाकिफ हों न कि ऐसी क्रिएटिव स्टोरी से जो कि सिर्फ पैसे कमाने के लिए लिखी गई हो.पद्मावती की रिलीज पर भारत में काफी गतिरोध है. करणी सेना सहित कई राजपूत ग्रुप फिल्म के विरोध में हैं. उनका मानना है कि इसमें इतिहास के साथ छेड़छाड़ किया गया है.

हालांकि, पद्मावती को बनाने वाली वायकॉम 18 ने कहा है, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) से क्लियर हुए बिना फिल्म को ग्लोबल लेवल पर रिलीज करने की कोई योजना नहीं है. पीटीआई ने उसके एक सोर्स के हवाले से कहा है, फिल्म को यूके सेंसर बोर्ड ने बिना किसी कट के रिलीज कर दिया है. लेकिन, भारत में इसे सेंसर क्लियरेंस का इंतजार है. इसके बाद ही आगे इस पर कोई विचार होगा.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *