स्वाति मालीवाल को हुआ कोरोना, खुद को कर लिया आइसोलेट

 नई दिल्ली: दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने शनिवार को बताया है कि कोरोना टेस्ट में उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है और वह काफी बीमार महसूस कर रही हैं. उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा है कि ‘कोरोना टेस्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है. तेज बुखार के साथ बहुत बीमार महसूस कर रही हूं. खुद को आइसोलेट कर लिया है. मेरे संपर्क में आए लोगों से आग्रह है कि वो अपनी RTPCR जांच करवा लें.’ इसके साथ ही मालीवाल ने लोगों से सतर्क रहने के लिए भी कहा है. 

स्वाति मालीवाल ने कहा है कि, ‘जमीनी स्तर पर इतना काम करने के बाद भी, अब तक कोरोना वायरस से बची हुई थी. Omicron बहुत संक्रामक है सभी लोग कृपया सावधानी बरतें.’ चार दिन पहले ही दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी कोरोना संक्रमित हो गए थे. उन्होने भी ट्वीट करते हुए खुद के कोरोना होने की जानकारी दी थी. केजरीवाल ने बताया कि उन्हें मामूली लक्षण हैं और वो घर में ही खुद को आइसोलेट करके रह रहे हैं. कोरोना संक्रमित होने से पहले वो पंजाब और उत्तराखंड में कई रैलियों में भी शामिल हुए थे.

बता दें कि दिल्ली में बीते कुछ दिनों में बड़ी तेजी से कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी गई है. दिल्ली में बीते 24 घंटों में 17,335 नए केस दर्ज किए गए हैं, जिसके साथ ही संक्रमण दर 17 फीसदी हो गई हैं. ये आंकड़े बेहद परेशान करने वाले हैं, जिसके बाद दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू भी लागू कर दिया है. कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र सोमवार को एक बार फिर DDMA की बैठक होने वाली हैं, जिसमें कोरोना को लेकर मंथन किया जाएगा.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *