SO समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित, पुलिस हिरासत में युवक की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, भारी संख्या में फोर्स तैनात

[object Promise]
  • गुस्साई भीड़ ने जौनपुर-प्रयागराज मार्ग के पकड़ी चौराहे पर किया चक्काजाम

उत्तर प्रदेश जौनपुर के बक्शा थाना में लूट के मामले में पूछताछ के लिए लाए गए एक युवक की गुरुवार देर रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही विभाग में हड़कम्प मच गया। लोगों द्वारा किसी प्रकार का हंगामा न किया जाए इसके लिए शुक्रवार सुबह अस्पताल, थाना परिसर और अस्पताल के गेट पर पुलिस व PAC के जवानों के अलावा कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई थी।

जिले के अपरपुलिस अधीक्षक थाने में मौजूद रहकर घटना की तहकीकात में जुटे हुए हैं। इस बीच गुस्साई भीड़ ने जौनपुर-प्रयागराज मार्ग के पकड़ी चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। मामले का विरोध बढ़ता देखकर पुलिस विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र के एसओ समेत तीन पुलिसकर्मियों काे निलंबित कर दिया है।

पूछताछ के दौरान कैदी की हालत हुई थी खराब

लूट के मामले में पुलिस की टीम चार युवकों को पूछताछ के लिए बक्शा थाने ले आई थी। चारों युवकों से टीम ने पूछताछ किया। पूछताछ के लिए थाना क्षेत्र के चक मिर्जापुर निवासी तिलकधारी यादव के 35 वर्षीय पुत्र किशन यादव उर्फ पुजारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। किशन का बड़ा भाई लूट के मामले में जेल में बंद था। वह हाल ही में बाहर निकला है। बताया जाता है कि देर रात्रि पूछताछ के दौरान किशन की हालत खराब हो गई। पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में रात्रि 1.30 बजे बक्शा सीएचसी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए। शुक्रवार सुबह 9 बजे से फोर्स आनी शुरू हो गई थी। पुलिस अभी कुछ भी बताने से इनकार कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *