उपराज्यपाल पद को समाप्त कर देने वाला संजय सिंह का बयान संवैधानिक व्यवस्थाओं पर कुठाराघात: वीरेंद्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी एक संविधान एवं संवैधानिक पदों की विरोधी पार्टी है। सचदेवा ने कहा है कि सांसद संजय सिंह का आज का बयान कि उपराज्यपाल पद को समाप्त कर दिया जाना चाहिए, जहां एक ओर उनकी अराजकता को दर्शाता है तो वहीं संवैधानिक व्यवस्थाओं पर भी कुठाराघात है।

आगे सचदेवा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी दो राज्यों में सरकार में है और यह विडंबना है कि कल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के राज्यपाल को शिक्षकों के विदेश में ट्रेनिंग के मुद्दे पर स्पष्टीकरण देने से इंकार कर दिया। तो वहीं दिल्ली में सांसद संजय सिंह ने दो कदम आगे जाते हुये उपराज्यपाल के पद को ही समाप्त करने की मांग कर दी।

अंत में वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि जब अपने अधिकारों की बात आती है तो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल हो या उनकी पार्टी के नेता सब संविधान की दुहाई देने लग जाते हैं, पर जब उनके कामों की जवाबदेही का समय आता है तो वह संवैधानिक पदों का अपमान करते हुये जवाब देने से मना कर देते हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *