राहुल गांधी ने पीएम पर बोला हमला, कहा- यह फिल्म नहीं…कश्मीर की सच्चाई है…

Rahul Gandhi News नई दिल्ली । घाटी में कश्मीरी पंडितों को लगातार निशाना बनाए जाने और हत्याओं के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘कश्मीरी पंडित 18 दिनों से धरने पर हैं, लेकिन बीजेपी 8 साल पूरे होने का जश्न मनाने में लगी है। 
दरअसल, मंगलवार को कुलगाम में एक हिंदू महिला शिक्षिका रजनी बाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से एक बार फिर घाटी में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। 

प्रधानमंत्री जी, ये फिल्म नहीं, हकीकत है

राहुल गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है, कश्मीर में पिछले पांच महीनों में 15 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए और 18 नागरिक मारे गए। कल भी एक शिक्षक की हत्या कर दी गई थी। कश्मीरी पंडित 18 दिन से धरने पर हैं, लेकिन बीजेपी 8 साल पूरे होने का जश्न मनाने में लगी है। प्रधानमंत्री जी, ये कोई फिल्म नहीं है, ये आज कश्मीर की हकीकत है। 

स्कूल जाते समय हुई थी हत्या

रोज की तरह रजनी बाला बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल के लिए निकलीं। जब वह स्कूल परिसर के पास पहुंची तो आतंकवादियों ने उन पर गोलियां चला दीं। अचानक रजनी जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों और स्कूल स्टाफ ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, कई स्कूली बच्चे गोलियों की आवाज सुनकर बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल भी मौके पर पहुंच गए।

12 साल की बेटी

मृतक रजनी बाला के पति राजकुमार भी शिक्षक हैं और कश्मीर संभाग में सेवारत हैं। शिक्षिका रजनी की एक 12 साल की बेटी भी है, जो अपने माता-पिता के साथ घाटी में रह रही थी। रजनी सांबा जिले के नानके चक की रहने वाली थी और पिछले पंद्रह साल से कश्मीर संभाग में कार्यरत थी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *