नई दिल्ली। पुलवामा हमले के 12 दिन बाद भारतीय वायु सेना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद के कई ठिकानों को तबाह कर दिया है। भारतीय वायु सेना की इस कार्रवाई पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि वे आईएएफ के पायलटों को सलाम करते हैं। भारतीय वायु सेना के मिराज 2000 फाइटर जेट्स ने मुजफ्फराबाद, बालाकोट और चकोटी के कई ठिकानों पर बमबारी की गई। सुबह 3.30 बजे हुई इस एयर स्ट्राइक में करीब 200-300 आतंकियों के मारे जाने की खबर है।
भारतीय वायुसेना से जुड़े सूत्रों ने बताया कि वायुसेना के विमानों ने बीती रात नियंत्रण रेखा के पार आतंकी कैंप्स पर करीब 1000 किलोग्राम के बम बरसाए। इस हमले में जैश के अल्फ़ा-3 कण्ट्रोल रूम तबाह हो गए हैं। पाकिस्तानी सेना ने आरोप लगाया गया है कि भारतीय वायुसेना ने नियंत्रण रेखा का उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने ट्वीट किया, भारतीय वायु सेना के विमानों ने नियंत्रण रेखा का उल्लंघन करते हुए मुजफ्फराबाद सेक्टर में घुस आए। पाकिस्तान वायु सेना ने तुरंत कार्रवाई की। भारतीय विमान वापस चले गए।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को हुए सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आत्मघाती आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान से संचालित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि इस हमले का करारा जवाब दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि भारत ने इस हमले का बदला लेने के लिए अपने सुरक्षाबलों को खुली छूट दे दी है।
Leave a Reply