इस्लामाबाद. अफगानिस्तान (Afghanistan)पर तालिबान (Taliban) के कब्जे के बाद से पाकिस्तान खुशी में मदहोश है. शायद इसलिए उसके मंत्री बेतुके बयानबाजी कर रहे हैं. पाकिस्तान के बड़बोले गृहमंत्री शेख राशिद ने अफगानिस्तान को लेकर पाकिस्तान (Pakistan) की जीत और भारत की हार का भी दावा कर दिया है. शेख राशिद (Sheikh Rashid) ने बुधवार को कहा कि अफगानिस्तान में हुए घटनाक्रम और तालिबान के कब्जे से भारत की असहजा स्पष्ट है. इसका क्रेडिट पाकिस्तान को जाता है.
तालिबान के संग आतंक फैलाने को बेताब पाकिस्तान के गृहमंत्री शेख राशिद ने यह भी कहा कि पूरी दुनिया ने देखा कि भारत ‘शोक’ में हैं. इस्लामाबाद में मीडिया से बात करते हुए राशिद ने कहा कि भारत अफगानिस्तान से अपने नागरिकों को निकाल रहा है. यह हार को दिखाता है.
शेख राशिद ने कहा कि अफगानिस्तान में भारत की ‘हार’ का क्रेडिट पाकिस्तान और इसकी संस्थाओं को जाता है. राशिद का इशारा ISI और पाकिस्तानी सेना की ओर है, जिसपर तालिबान की मदद के आरोप लग रहे हैं. अफगानिस्तान में लोकतांत्रिक सरकार और विदेशी सैनिकों की मौजूदगी से खुद को नुकसान की बात कहते हुए राशिद खान को तालिबानराज से शांति और समृद्धि की उम्मीद है. राशिद ने कहा, ‘पाकिस्तान अफगानिस्तान में अव्यवस्था की कीमत सालों से चुका रहा है और शांति स्थापित करना चाहता था, क्योंकि अफगानिस्तान में शांति का मतलब है पाकिस्तान में शांति.’
इसलिए अपनी जीत मानता है पाकिस्तान
दरअसल, पाकिस्तान तालिबान के कब्जे को अपनी जीत इसलिए मानता है क्योंकि पिछले 20 सालों में अफगानिस्तान के विकास में भारत की बड़ी भूमिका थी. पाकिस्तान अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ नहीं कर पा रहा था. अब उसका मानना है कि वह तालिबानी राज में आतंकवाद को बढ़ावा देकर भारत के खिलाफ उनका इस्तेमाल कर पाएगा.
कश्मीर को लेकर भी ख्याली पुलाव बना रहा पाकिस्तान
इससे पहले इमरान खान सरकार की पार्टी पीटीआई की एक नेता ने कश्मीर को लेकर सनसनीखेज दावा किया था. नीलम इरशाद शेख ने कहा कि तालिबान पाकिस्तान के साथ है. तालिबान आएंगे और कश्मीर को जीतकर उसे पाकिस्तान को देंगे. नीलम ने यह विवादित बयान पाकिस्तान के बोल टीवी के एक डिबेट में दिया, जिसे लंबे समय से माना जाता है कि इसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से गहरे संबंध है.
नीलम ने कहा कि इमरान सरकार बनने के बाद पाकिस्तान का मान बढ़ा है. तालिबान कहते हैं कि हम आपके साथ हैं और इंशा अल्लाह वे हमें कश्मीर फतह करके देंगे. एंकर ने जब उनसे पूछा कि तालिबान आपको कश्मीर देंगे, यह किसने आपसे कहा. इस पर नीलम ने कहा, ‘भारत ने हमारे टुकड़े किए हैं और हम फिर जुड़ जाएंगे. हमारी फौज के पास पावर है, सरकार के पास पावर है. तालिबान हमारा साथ दे रहे हैं क्योंकि जब उनके साथ ज्यादती हुई तो पाकिस्तान ने उनका साथ दिया था. अब वो हमारा साथ देंगे.’
Leave a Reply