शिक्षा के मंदिर में लगे अश्लील ठुमके, वीडियो हुआ वायरल, स्कूल प्रंबधन आया सवालों के घेरे में !

स्कूल यानि शिक्षा का मंदिर. जहां लोग अपने बच्चों को संस्कारों की शिक्षा के लिए भेजते हैं. लेकिन क्या हो अगर शिक्षा के मंदिर में ही अश्लीलता  परोसी जाने लगी. तब बच्चों के कोमल मन पर क्या असर होगा ?. इतना ही नहीं हद तो तब हो जाती है जब बच्चों के सामने अश्लील डांस  हो, साथ ही कोई इस फूहड़ता पर सवाल भी न करे. स्कूल के जिस कार्यक्रम में ये सब हुआ वहां विधायक बलजीत यादव (Baljeet Yadav) को मुख्यातिथि के तौर पर बुलाया गया था. हालांकि, जब यह अश्लील डांस हुआ तो विधायक कार्यक्रम से जा चुके थे. मामला मोहम्मदपुर गांव के सरकारी स्कूल का है.

जानकारी के मुताबिक अलवर जिले के बहरोड़ क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के वार्षिकोत्सव का एक वीडियो वायरल (Video Viral) हुआ है. जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना था. कार्यक्रम में हरियाणा से बुलाई गई एक पार्टी की लड़कियों द्वारा छात्र-छात्राओं के सामने स्टेज पर अश्लीलता भरा नृत्य पेश किया गया. जिसका वहां किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाकर वायरल कर दिया.

इस मामले में स्कूल में इस तरह के आयोजन को लेकर सवाल उठने लगे हैं. आखिर हम बच्चो को शिक्षा के नाम पर क्या संस्कार दे रहे हैं ?.वीडियो वायरल हुआ तो स्कूल प्रंबधन सवालों के घेरे में आ गया. जिसके बाद प्रिंसिपल श्याम सुंदर यादव का कहना है कि उन्हें ऐसे किसी डांस की जानकारी नहीं है. वह कार्यक्रम के दौरान स्कूल में नही थे. प्रिंसिपल ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने की भी बात कही है.

गौर करने वाली बात है कि राजनीतिक कार्यक्रमों में तो भीड़ जुटाने के लिए डांसरों को बुलाया जाता है. साथ ही अश्लीलता भी परोसी जाती है लेकिन स्कूल में आखिर इन डांसरों को किस मकसद से बुलाया गया था ?. इस सवाल पर स्कूल प्रबंधन चुप्पी साधे है. वहीं, कुछ लोगों का ये भी कहना है कि कार्यक्रम में विधायक बलजीत यादव मुख्य अतिथि थे. इसीलिए स्कूल प्रबंधन ने विधायक को अधिक से अधिक भीड़ दिखाने के लिए हरियाणवी कलाकार बुलाए गए थे. विधायक के जाने के बाद इन डांसरों ने बच्चों के सामने अश्लीलता भरा डांस किया.  

सवाल इस बात को लेकर भी उठ रहे हैं कि इस कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर तक के शिक्षा अधिकारियों को बुलाया गया था. फिलहाल, ये अधिकारी भी इस मामले पर मीडिया के सवालों से बचते नजर आ रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि वे भी विधायक महोदय के साथ ही कार्यक्रम से निकल गए थे. उसके बाद क्या हुआ उन्हें नहीं पता. वहीं, वीडियो वायरल होने और मामला हाइलाइट होने के बाद हर ओर सब लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर इस तरह के फूहड़ डांस होने के बाद छोटे-छोटे बच्चे-बच्चियों पर जो प्रभाव पड़ता है, उसका जिम्मेदार कौन है ?

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *