श्रीनगर। आतंकवादियों के साथ सांठगांठ के आरोप में गिरफ्तार किए गए जम्मू एवं कश्मीर के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) देवेन्द्र सिंह को इस सप्ताहांत में दिल्ली लाया जाएगा। यह जानकारी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के सूत्रों ने दी। एनआईए बर्खास्त अधिकारी से गुरुवार को जम्मू में पूछताछ कर रही है। एनआईए आतंकवादियों की मदद करने के लिए उससे पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, देवेंद्र सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू लाया गया था और गुरुवार को उसे एनआईए कोर्ट से औपचारिक रिमांड पर लिया जाएगा। बुधवार को एनआईए द्वारा श्रीनगर में सिंह के आवासों पर फिर से छापे मारे गए। सिंह को 11 जनवरी को एक वाहन में दो आतंकवादियों- नावेद बाबू और रफी अहमद के साथ ही एक वकील इरफान अहमद को जम्मू ले जाते समय पकड़ा गया था।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों आतंकवादियों और वकील के जम्मू से पाकिस्तान जाने की योजना थी।
जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच के बाद मामला एनआईए को स्थानांतरित कर दिया गया था। सिंह को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने उसे सम्मान के तौर पर दिए गए पदक और प्रमाण पत्र भी सोमवार को वापस ले लिए। आपको बताते जाए कि 11 जनवरी को डीएसपी दविंदर सिंह और अन्य दो के साथ यात्रा के दौरान आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दिन का चीफ नवीद बाबू गिरफ्तार किया गया था।
नवीद साउथ एंड सेंट्रल कश्मीर में हिजबुल मुजाहिद्दिन के ऑपरेशन की कमान संभालता था। आतंकी नवीद बाबू हिजबुल मुजाहिद्दिन से जुड़े अपने साथियों तक विस्फोटक पहुंचाने वाला था। हिजबुल के ये आतंकी जडूरा में आतंकी हमला करने की फिराक में थे और पुलवामा के पास नीवा-पखेरपोरा सड़क पर आईईडी बिछाने की योजना थी। नवीद बाबू को आतंकियों की भर्ती करने वाला मास्टर बताया जा रहा है और वह आईईडी का एक्सपर्ट है।
Leave a Reply