डेस्क। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने यह कहा है कि मंकीपॉक्स वायरस के चलते अब तक कुल 92 देशों में 12 मरीजों की मौत हो चुकीं हैं। वहीं डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस की माने तो अब तक 92 देशों में मंकीपॉक्स के कुल 35 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह करीब 7500 मामले सामने आए थे जो उससे पहले सप्ताह की तुलना में 20 फीसदी से अधिक हैं।
इससे पहले भी डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस ने बीते दिनों कहा था कि जरूरत इस बात की है कि मंकीपॉक्स को लेकर लोगों तक सही जानकारियां पहुंचाई जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जैसा कि हमने कोरोना वायरस को लेकर देखा कि लोगों को ऑनलाइन गलत जानकारियां दी गईं। ठीक उसी तरह मंकीपॉक्स के साथ भी ऐसा हो सकता है। इसी कारण हम गल त सूचनाओं को रोकने और उनका मुकाबला करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, तकनीकी कंपनियों और समाचार संगठनों को अपने साथ काम करने के लिए कहते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार , मंकीपॉक्स एक वायरल पशुजन्य बीमारी है जो जानवरों से मनुष्यों में फैलती है। वहीं इसके लक्षण बिल्कुल चेचक के समान होते हैं।
वहीं भारत की बात करें तो यहाँ मंकीपॉक्स के अब तक 10 मरीज मिल चुके हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ही अब तक मंकीपॉक्स के पांच मामलों की पुष्टि हुई है। शनिवार को दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक बयान की माने तो सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को मंकीपॉक्स के सभी संदिग्ध मामलों को उनकी गंभीरता के अनुसार अधिसूचित करने और जिला निगरानी इकाइयों के समन्वय से उन्हें पृथकवास और प्रबंधन के लिए नामित अस्पतालों में भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वहीं एक वक्तव्य के मुताबिक, दिल्ली सरकार लगातार बदलती हुई स्थिति पर कड़ी नजर बनाए है।
Leave a Reply