मुंबई। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर हुए चुनावों के नतीजे आ गए हैं। भाजपा को 105 सीटें मिली हैं। यह सीटें 2014 के विधानसभा चुनाव की तुलना में बहुत कम है। वहीं शिवसेना को 56 सीटें मिली हैं। वे अबकी बार गत विधानसभा चुनाव की तुलना में कमजोर हुई है।
दूसरी ओर, शिवसेना के मुखपत्र सामना के संपादकीय में शिवसेना का कहना है कि यह महाजनादेश नहीं है। सामना में पार्टी ने लिखा है कि महाराष्ट्र की जनता का रुझान सीधा और साफ है। अति नहीं, उन्माद नहीं वर्ना खत्म हो जाओगे, ऐसा जनादेश ईवीएम की मशीन से बाहर आया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आखिरी समय तक यह आत्मविश्वास था कि ईवीएम से केवल कमल ही बाहर आएगा।
शिवसेना ने कहा कि यह महाजनादेश नहीं बल्कि जनादेश है। इसे मानना पड़ेगा। जनता के निर्णय को अपनाकर बड़प्पन दिखाना पड़ता है। सामना में लिखा है कि महाराष्ट्र में अपेक्षा अलग नतीजे आए हैं। 2014 में गठबंधन नहीं था। 2019 में गठबंधन के बावजूद सीटे कम हाे गई है। बहुमत मिला लेकिन कांग्रेस-एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) मिलकर 100 सीटों पर पहुंच गई। ये एक तरह से सत्ताधारियों को सबक के रूप में है।
पार्टी ने आगे कहा कि जनता ने धौंस, दहशत और सत्ता की मस्ती से प्रभावित न होते हुए जो मतदान किया है उसके लिए उसका अभिनंदन है।
शिवसेना ने उन नेताओं को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा जिन्होंने एनसीपी छोड़कर कमल को अपनाया था। शिनसेना ने कहा भाजपा ने राष्ट्रवादी में इस तरह से सेंध लगाई कि ऐसा माहौल बन गया कि पवार की पार्टी में कुछ बचेगा या नहीं।
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा फायदा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को मिला है और उसने 50 का आंकड़ा पार कर लिया। शिवसेना का कहना है कि पार्टी बदलकर टोपी बदलनेवालों को जनता ने घर भेज दिया है। सातारा में उदयनराजे भोसले को हार का मुंह देखना पड़ा। पार्टी ने भाजपा से पूछा कि भाजपा-शिवसेना के गठबंधन के बावजूद कांग्रेस एनसीपी को इतनी सफलता क्यों मिली।
Leave a Reply