नई दिल्ली इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने वाले महेंद्र सिंह धौनी को दोबारा मैदान पर खेलते देखने के लिए फैंस बेताब हैं। शनिवार 15 अगस्त को ही उन्होंने अपने 16 साल के लंबे करियर पर विराम लगाते हुए संन्यास की घोषणा की थी। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें एडिशन में फ्रेंचाइजी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उतरने वाले धौनी के अब पहले से ज्यादा खुलकर खेलने की उम्मीद है।

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इफरान पठान ने धौनी के संन्यास के बाद गेंदबाजों को ज्यादा सावधान होकर गेंदबाजी करने की चेतावनी दी। उनका कहना था अब वह पहले से ज्यादा खुलकर खेलेंगे वह किसी भी तरह से दबाव में नहीं होंगे और टूर्नामेंट का भरपूर मजा उठाना चाहेंगे।
स्टार स्पोर्ट्स के शो क्रिकेट कनेक्टेड से बात करते हुए पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि इस साल आईपीएल में धौनी के गेंदबाजों को बचकर रहना होगा। उनका कहना थ, “जब वह (एमएस धौनी) आईपीएल में खेलने आएंगे, मुझे लगता है कि सभी गेंदबाज, यहां तक कि मेरे जैसे रिटायर खिलाड़ी भी इस बात से खुश होंगे की उनको अब धौनी के खिलाफ आईपीएल में गेंदबाजी नहीं करनी होगी, क्योंकि अब वो पूरी तरह से खुलकर खेलेंगे।”
“वैसे अब जब वो सीएसके के लिए खेलेंगे तो इसका भरपूर मजा उठाएंगे, अब उनका एक बल्लेबाज के तौर पर और भी बेहतर खेल निकलकर सामने आएगा। लेकिन यह आईपीएल है और मैं इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। सभी गेंदबाजों को सावधान रहने की जरूरत है।”
धौनी साल 2019 में इंग्लैंड और वेल्स में खेले गए आईसीसी विश्व कप में आखिरी बार मैदान पर खेलने उतरे थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला गया सेमीफाइनल मैच उनके करियर का आखिरी मैच साबित हुआ। 9 जुलाई 2019 के बाद अब धौनी 19 सितंबर 2020 को मैदान पर बल्ला थामे नजर आएंगे। आईपीएल का आगाज चेन्नई और मुंबई के बीच मुकाबले से होगा। इसे यूएई में 19 सितंबर से 10 नवंबर के बीच खेला जाएगा।
Leave a Reply