GST घटने के बाद सस्ते हो गए रोजमर्रा की जरूरत के ये प्रॉडक्ट
कंपनियों ने कहा है कि उन अन्य श्रेणियों में कीमतों में कटौती करेंगी जिनमें कर दर घटाई गई है. सरकार ने एक दिन पहले ही कंपनियों से जीएसटी दरों में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं को देने को कहा था.
उल्लेखनीय है कि जीएसटी परिषद की गुवाहाटी में 10 नवंबर को हुई बैठक में 178 वस्तुओं पर लगने वाले कर में कटौती की. इससे उच्च 28 प्रतिशत जीएसटी दर में केवल 57 वस्तुएं ही रह गयी. जीएसटी दर 15 नवंबर से लागू की जानी थी. इसके अलावा कई वस्तुओं पर जीएसटी की दर 18 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत तथा 12 प्रतिशत से 5 प्रतिशत किया गया है.
आईटीसी के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ने हालिया जीएसटी अधिसूचना के तहत लागू कर दरों के हिसाब से अपने उत्पादों के दाम घटाए हैं. इसी तरह हिंदुस्तान यूनिलीवर के प्रवक्ता ने कहा कि हम ब्रू कॉफी गोल्ड के 50 ग्राम के पैक का दाम 145 रुपये से घटाकर 111 रुपये किया है.इसी तरह मैरिको के मुख्य वित्त अधिकारी विवेक कार्वे ने कहा कि कंपनी ने डियोडोरेंट्स, हेयर जेल, हेयर क्रीम और बॉडी केयर उत्पादों के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में बदलाव किया है. इससे पहले दिन में रोजमर्रा के उपयोग का सामान बनाने वाली डाबर इंडिया ने जीएसटी दरों में हाल की कटौती का फायदा ग्राहकों को देते हुए शैंपू, त्वचा देखभाल और घरों में उपयोग होने वाले अन्य वस्तुओं के दाम में नौ प्रतिशत तक की कटौती की घोषणा की थी.
कंपनी ने आज एक बयान में कहा, ‘‘वह मौजूदा भंडार पर जीएसटी में कटौती का लाभ ग्राहकों को दे रही है. इसके तहत उत्पादों के मूल्य में नौ प्रतिशत का लाभ व्यापार सहयोगियों को दी जा रही है.
डाबर ने पिछले सप्ताहांत अपने सभी व्यापार सहयोग को कीमत समीक्षा के बारे में जानकारी दी थी और उन्हें इसका तत्काल लाभ ग्राहकों को देने का निर्देश दिया गया है.
कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी ललित मलिक ने कहा, ‘उसने जीएसटी कानून के अनुरूप हमने पिछले सप्ताह अपने सभी व्यापार एवं कारोबार सहयोगियों को जीएसटी की घटी दर के हिसाब से मौजूदा भंडार पर ग्राहकों से मूल्य वसूलने का निर्देश दिया है.’
बयान के अनुसार डाबर ने नये उत्पादन के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में तत्काल प्रभाव से कटौती की है. कीमत में 8 प्रतिशत से 10 प्रतिशत तक की कटौती की गयी है. ये नये माल अगले महीने बाजार में आएंगे.
Leave a Reply