नई दिल्ली। दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन जफरुल इस्लाम खान के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुरुवार को राजद्रोह के तहत केस दर्ज किया है। जफरुल इस्लाम ने दो दिन पहले अपने सोशल मीडिया के जरिए एक आपत्तिजनक पोस्ट किया था। एचटी की रिपोर्ट के अनुसार, स्पेशल सेल के ज्वाइंट कमिश्नर नीरज ठाकर ने बताया कि जफरुल इस्लाम के खिलाफ आईपीसी की धारा 124 ए, 153ए के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
फिलहाल इस मामले को लेकर जफरुल इस्लाम ने अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. जफरुल इस्लाम का कहना है कि मैंने अभी तक एफआईआर नहीं देखी है. जो भी कुछ कहूंगा एफआईआर देखने के बाद ही कहूंगा।
रिपोर्ट के अनुसार, जफरुल इस्लाम के खिलाफ वसंत कुंज के रहने वाले एक व्यक्ति ने एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 28 अप्रैल को दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन जफरुल इस्लाम ने अपने फेसबुक और ट्विटर के जरिए एक आपत्तिजनक पोस्ट किया, जिसका परिणाम समाज में एक दूसरे के प्रति नफरत पैदा कर सकता है।
दरअसल, जफरुल इस्लाम ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा था कि भारतीय मुस्लिमों के साथ खड़े होने के लिए धन्यवाद कुवैत। जिस दिन मुसलमानों ने अरब देशों से अपने खिलाफ जुल्म की शिकायत कर दी, सैलाब आ जाएगा।जफरुल इस्लाम के इस पोस्ट के बाद विवाद खड़ा हो गया, जिसपर उन्होंने मांफी भी मांगी।
जफरुल इस्लाम ने अपने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि मैंने गलत समय पर यह सब पोस्ट किया। मैंने महसूस किया कि जब देश मेडिकल इमरजेंसी से लड़ रहा है, उस समय ऐसा असंवेदनशील पोस्ट नहीं करना चाहिए था। मैं उन सभी से मांफी मांगता हूं, जिन्हें मेरे पोस्ट के कारण पीड़ा हुई है. किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मेरा कोई इरादा नहीं था।
Leave a Reply