दिल्ली-एनसीआर में जारी भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस मौसम के औसत से चार डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।आईएमडी के अधिकारियों के मुताबिक, अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन में आंधी के साथ बारिश होने का भी अनुमान जताया गया है। हवा में नमी का स्तर 71 प्रतिशत रहा।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी में सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 93 था। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
अगले पांच दिनों में लू चलने की संभावना नहीं
आईएमडी ने शनिवार को बताया था कि अगले पांच दिनों में देश के किसी भी हिस्से में लू चलने जैसी परिस्थिति नहीं है। आईएमडी ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों और हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के कुछ स्थानों तथा पूर्वी राजस्थान, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ दूरदराज इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया।
वहीं देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है। दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के बाकी हिस्सों की तरफ भी आगे बढ़ गया है। यह ओडिशा के कुछ और हिस्सों, पश्चिम बंगाल के ज्यादातर हिस्सों और झारखंड तथा बिहार के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है।
Leave a Reply