मुंबई, एजेंसियां। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में लगातार तीसरे दिन केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) की टीम मुख्य आरोपी रिया चक्रवर्ती के पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा सुशांक के कुक नीरज और केशव भी डीआरडीओ के गेस्ट पहुंच गए हैं। सीबीआइ की टीम यहीं ठहरी है। आज मामले में सीबीआइ जांच का 14वां दिन है। बुधवार को रिया के पिता से 10 घंटे तक पूछताछ हुई। इस दौरान सुशांत के मैनेजर सैमुअल मिरांडा, उनके कुक नीरज सिंह, स्टाफ केशव और बिजनेस मैनेजर श्रुति मोदी से भी पूछताछ हुई।

बता दें कि बुधवार को रिया की मां संध्या और भाई शौविक से पूछताछ नहीं हुई। मंगलवार को रिया के माता-पिता और भाई तीनों से पूछताछ हुई थी। इसके अलावा रिया से सोमवार के बाद से पूछताछ नहीं हुई है। वह अब तक चार बार सीबीआइ के सामने पेश हुई है। सीबीआइ रिया से अब तक करीब 35 घंटे पूछताछ कर चुकी है।
ईडी ने माथुर को पूछताछ के लिए बुलाया
वहीं, सुशांत की मौत के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सुशांत के दोस्त और एक फर्म में उनके पार्टनर वरुण माथुर को पूछताछ के लिए बुलाया है। वह ईडी के दफ्तर पहुंच गया है। वरुण से मामले में कल भी पूछताछ हुई थी। ईडी ने गोवा के होटल व्यवसायी से पूछताछ कर चुकी है। वह गोवा स्थित होटल टैमरिंड एवं कैफे कोटिंगा का मालिक है। रिया की उसके साथ 2017 की एक चैट ईडी को प्राप्त हुई है।
मामले में मुंबई पुलिस को निशाना बनाया गया- अनिल देशमुख
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि सुशांत की मौत के मामले में मुंबई पुलिस को निशाना बनाया गया है। महाराष्ट्र पुलिस और मुंबई पुलिस की बड़ी प्रतिष्ठा है। मुंबई पुलिस की तुलना स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस से होती है। लेकिन पुलिस की छवि को धूमिल किया है। देशमुख ने कहा कि रिटायर्ड आइपीएस अधिकारी ने इसको लेकर जो जनहित याचिका दाखिल की है, मैं उसका स्वागत करता हूं।
Leave a Reply