अमेठी। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि शासन द्वारा ओ लेवल कंप्यूटर एवं सी0सी0सी0 प्रशिक्षण योजना को अब ऑनलाइन कर दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में पिछड़े वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को भारत सरकार की अधिकृत संस्था DOEACC वर्तमान में NIELIT से मान्यता प्राप्त कार्यरत संस्थानों द्वारा ओ लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण तथा सी0सी0सी0 कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु अधिकृत संस्थाओं तथा इच्छुक अभ्यर्थियों द्वारा पिछड़ा वर्ग कल्याण की वेबसाइट www.backwardwelfareup.gov.in एवं obc computer traning.upsdc.gov.in पर दिए गए लिंक पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने पात्रता के संबंध में बताया कि कंप्यूटर प्रशिक्षण हेतु अभ्यर्थी के अभिभावक की वार्षिक आय रुपए एक लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए, कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए इंटरमीडिएट न्यूनतम शैक्षिक अहर्ता अवश्य होनी चाहिए, प्रशिक्षार्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होने चाहिए, परीक्षार्थी बेरोजगार हो तथा किसी शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति ना ले रहा हो, ओ लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण की अवधि 1 वर्ष तथा सी0सी0सी0 कंप्यूटर प्रशिक्षण की अवधि 3 माह होगी। उन्होंने बताया कि उपरोक्त योजनाओं में प्रशिक्षण देने वाली संस्थाओं को दिनांक 10 से 17 जून 2021 तक वेबसाइट पर मान्यता से संबंधित प्रपत्र अपलोड कर हार्ड कॉपी निदेशालय पिछड़ा वर्ग कल्याण इंदिरा भवन लखनऊ को उपलब्ध कराया जाना होगा एवं प्रशिक्षणार्थियों द्वारा दिनांक 11 से 25 जुलाई 2021 तक ऑनलाइन आवेदन करते हुए हार्ड कॉपी आवश्यक संलग्नकों (जाति, आय तथा निवास प्रमाण पत्र एवं शैक्षिक प्रमाण पत्र) सहित जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के कार्यालय में जमा करना होगा। इस योजना की विस्तृत जानकारी हेतु किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास भवन, गौरीगंज जनपद अमेठी से प्राप्त किया जा सकता है।
Leave a Reply