AAP सांसदों का प्याज की बढ़ती कीमतों के खिलाफ संसद में प्रदर्शन

AAP सांसदों का प्याज की बढ़ती कीमतों के खिलाफ संसद में प्रदर्शन

नई दिल्ली। देशभर में खासकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) में प्याज की बढ़ती कीमतों के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के सांसदों ने मंगलवार को प्याज की माला पहनकर प्रदर्शन किया। आप के दो राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और सुशील कुमार ने बढ़ती कीमतों के लिए उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं जन आपूर्ति मंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की।

संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन करते हुए आप नेताओं ने केंद्र से सवाल किया कि प्याज आखिर क्यों इतना डरावना होता जा रहा है और उपभोक्ताओं को इसके लिए ऊंची कीमतें चुकानी पड़ रही हैं। सिंह ने कहा, इसमें कोई घोटाला प्रतीत होता है। हम यह मुद्दा संसद के अंदर भी उठाएंगे।

32000 टन प्याज सड़ गया, केंद्र ने कार्रवाई क्यों नहीं की? आप प्याज को सडऩे दे सकते हैं लेकिन इसे कम कीमतों पर नहीं बेच सकते? उधर, कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी लोकसभा में शून्यकाल में प्याज के बढ़ते दामों को लेकर चिंता जताते हुए यह मुद्दा उठाया।

कांग्रेस और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने प्याज और अन्य सब्जियों की बढ़ती कीमतों को लेकर स्थगन प्रस्ताव दिया था। सोमवार को राज्यसभा में भाकपा के वरिष्ठ नेता बिनय विस्वम ने प्याज और दाल की कीमतों में हुई भारी वृद्धि पर राज्यसभा में चर्चा कराने की मांग की थी। विस्वम ने कहा कि यह पूरे देश के लिए बड़ी चिंता का विषय है कि प्याज और दाल जैसी आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई है। इससे हर कोई परेशान है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *