Aadhar Card नहीं तो अंतिम संस्कार भी नहीं!

देश में मोबाइल, बैंकिंग सुविधाओं से लेकर अनेक सुविधाओं में आधार कार्ड जरूरी किया जा रहा है, मगर औद्योगिक नगरी फरीदाबाद (हरियाणा)में अंतिम संस्कार के लिए भी ‘आधार’अनिवार्य किया गया है। पुराना फरीदाबाद के खेड़ी रोड स्थित स्वर्गाश्रम में बाकायदा प्रबंधन ने बोर्ड लगाकर सचेत किया है- मृतक का आधार कार्ड लाना जरूरी है, नहीं तो संस्कार नहीं होगा- आदेशानुसार फरीदाबाद नगर निगम, फरीदाबाद।1शुक्रवार सुबह सेक्टर-17 निवासी संदीप सिंघल के पिता राजाराम सिंघल के अंतिम संस्कार पर खेड़ी रोड स्थित स्वर्गाश्रम में एकत्र शहरवासियों ने जब यह बोर्ड देखा तो कई प्रबुद्ध नागरिकों ने इस आदेश की कानूनी वैधता की जानकारी ली। हालांकि इसी दौरान स्वर्गाश्रम का प्रबंधन देख रही फरीदाबाद वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान आरपी बतरा ने लोगों को बताया कि यदि लोग मृतक का विवरण रजिस्टर में सही दर्ज करा देते हैं तो आधार कार्ड अनिवार्य नहीं है। बिना आधार भी अंतिम संस्कार करने दिया जाता है।

Read More : उत्तर प्रदेश: खामियों के चलते मंत्री का निकाहानामा रद्द, 90 दिन के अंदर खामिया भरने को कहा

बतरा के अनुसार अब तक किसी का अंतिम संस्कार रोका नहीं गया है मगर अक्सर ऐसा होता है कि गमगीन माहौल में लोग मृतक का नाम पूरा नहीं लिखवाते या फिर उनका पता या पिता का नाम गलत लिखवा देते हैं। इससे उन्हें नगर निगम में मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी होती है और वे लोग फिर से स्वर्गाश्रम में हुए संस्कार की पर्ची पर नाम व पता ठीक कराने आते हैं। इससे स्वर्गाश्रम प्रबंधन को काफी परेशानी होती है। उनकी संस्था ने लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए ही यह निर्णय लिया है। इसमें नगर निगम के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाली शाखा को भी सहूलियत होती है। जो विवरण आधार में होता है वही विवरण स्वर्गाश्रम की पर्ची में होता है तो मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में आसानी रहती है। स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम, फरीदाबाद आनंद स्वरूप का कहना है कि फरीदाबाद नगर निगम ने अंतिम संस्कार में आधार की अनिवार्यता संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया है। खेड़ी रोड स्थित स्वर्गाश्रम के बोर्ड में जो अनिवार्यता की बात लिखी है उसे ठीक कराया जाएगा। आधार अनिवार्य नहीं बल्कि सही विवरण देना अनिवार्य होना चाहिए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *