26 जनवरी तक दिल्ली में बनी रहेगी ठंड, कोहरे के साथ स्मॉग का भी रहेगा खतरा

दिल्ली, एनसीआर में घने कोहरे के साथ ही हवा में प्रदूषण का स्तर बहुत ही गंभीर स्थिति में पहुंच गया है। तापमान में गिरावट के कारण ठिठुरन भी बढ़ रही है। 26 जनवरी तक दिल्ली समेत एनसीआर में ठंड के साथ स्मॉग का खतरा भी बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं अगले सप्ताह न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री के बीच रह सकता है। अगले 5 दिन तक दिल्ली-एनसीआर के लोगों को सुबह और शाम को ऐसे ही कोहरे का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम एजेंसी स्काईमेट के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत ने अमर उजाला को बताया कि हवा की गति कम होने से वातावरण में धुंध छा गई है। ये फिलहाल जनवरी माह तक ऐसी ही रहेगी। जब हवा तेज होगी तो ये हट जाएंगी। इसके अलावा 26 जनवरी तक ठंड भी बनी रहेगी। इसके बाद ठंड कम होने के पूरे आसार हैं।

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह का वातावरण अगर फरवरी तक रहता है तो ये फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है। आलू, गेहूं और सरसों की फसलों पर इसका असर दिख सकता है।

स्काईमेट के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत ने स्मॉग के बारे में बताया कि हवा की गति कम होने से प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। सुबह के समय कोहरा अधिक होता है। इसके साथ धुएं और धूल के कण मिलकर स्मॉग की एक लेयर तैयार कर लेते हैं। जिससे फॉग के साथ स्मॉग रहता है। जब हवा तेज चलनी शुरू होगी तो स्मॉग हट जाएगा। इससे प्रदूषण का स्तर भी कम हो जाता है। अभी फिलहाल 3 से 4 दिन स्मॉग यूं ही बना रहेगा। इसके बाद वातावरण में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। फिलहाल दस दिन तक तो बारिश होने की कोई भी संभावना नहीं है। अगर हल्की बारिश होती है तो स्मॉग फिर बढ़ भी सकता है।

स्काई मेट एजेंसी का कहना है कि अभी अगले दो से तीन दिन तक तापमान में और भी गिरावट आ सकती है और गलन व ठिठुरन बढ़ेगी। उत्तरी व पश्चिमी-उत्तरी हवाएं पहाड़ों से बर्फीली हवाएं लेकर मैदान की ओर आ रही हैं, जिसका असर समूचे उत्तर के मैदानों, पूर्वी व मध्य भारत तक देखा जा रहा है। आसमान साफ रहने के चलते सुबह के तापमान में काफी गिरावट आई है जो अगले दो से तीन दिन तक जारी रहेगी। साथ ही यह इस बार की सर्दी के मौसम का पीक भी होगा। आने वाले दिनों में इस स्तर की सर्दी नहीं पड़ेगी।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *