नई दिल्ली। भारत और जर्मनी के बीच आज कई विषयों पर समझौते हुए हैं। ये समझौते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जर्मन चांसलर ऐंगेला मर्केल के सामने हुए हैं। इसके बाद दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की ओर से साझा बयान जारी किया गया। जर्मनी और भारत के मजबूत संबंधों को प्राथमिकता बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने 20 समझौतों पर सहमति की घोषणा भी की। पीएम मोदी ने आतंकवाद और क्लाइमेट चेंज जैसे मुद्दों पर साझा सहयोग की प्रतिबद्धता जताई। माेदी ने कहा कि भारत और जर्मनी नई और उन्नत प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कौशल, शिक्षा, साइबर सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। हमारे संबंध लोकतंत्र और कानून के शासन पर आधारित हैं, यही कारण है कि हम दुनिया के प्रमुख मुद्दों पर समान विचार साझा करते हैं। हम आतंकवाद से लड़ने के लिए द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करेंगे।
इस अवसर पर जर्मन चांसलर ऐंगेला मर्केल ने कहा कि जर्मनी में 20,000 भारतीय नागरिक अध्ययन कर रहे हैं। हम और भी देखना चाहेंगे। जब व्यावसायिक प्रशिक्षण की बात आती है, तो हम शिक्षकों का भी आदान-प्रदान करना चाहते हैं।
मर्केल ने कहा कि हम सतत विकास और जलवायु संरक्षण पर बहुत बारीकी से काम करने का इरादा रखते हैं।
Leave a Reply