स्मार्ट मीटर की ‘रिमोट कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी’ का ठेका जम्मू-कश्मीर में मिला चीनी कंपनी को: कांग्रेस

स्मार्ट मीटर की ‘रिमोट कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी’ का ठेका जम्मू-कश्मीर में मिला चीनी कंपनी को: कांग्रेस

नई दिल्ली:  कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में बिजली का स्मार्ट लगाने की प्रक्रिया में ‘रिमोट कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी’ का ठेका चीन की कंपनी ‘डोंगफेंग’ को मिला है। पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने यह सवाल भी किया कि जब चीन से सम्बंधित विभिन्न ऐप पर पाबंदी लगाई जा रही है तो फिर जम्मू-कश्मीर में एक महत्त्वपूर्ण ठेका चीनी कंपनी को क्यों दिया गया? कांग्रेस के इस दावे पर भाजपा अथवा सरकार की तरफ़ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। खेड़ा ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संवाददाताओं से कहा, “डोंगफेंग नामक कंपनी विश्व के अनेक देशों में सक्रिय है और पाकिस्तान के साथ इसके विशेष सम्बंध हैं। पावर ग्रिड, स्मार्ट मीटर, मीटर के अंदर लगने वाली रेडियो फ्रीक्वेंसी टेक्नोलॉजी आदि में यह कंपनी व्यापक समाधान के लिए जानी जाती है।”

खेड़ा ने कुछ कागजात जारी करते हुए दावा किया, “जम्मू कश्मीर में स्मार्ट मीटर लगाने का ठेका जिस कंपनी को मिला है, उसने रिमोट कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी का ठेका डोंगफेंग को दे दिया है।” उन्होंने कहा, “स्मार्ट मीटर का सबसे महत्त्वपूर्ण हिस्सा रेडियो फ्रीक्वेंसी अथवा रिमोट कम्युनिकेशन सिस्टम होता है। ऐसा महत्त्वपूर्ण एवं संवेदनशील काम, एक बेहद संवेदनशील इलाके में होने वाला काम, एक ऐसी कंपनी को मिल जाए जो कि सीधे चीन की सरकार एवं सेना को रिपोर्ट करती हो तो यह विषय राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय हो जाता है।”

कांग्रेस नेता ने सवाल किया, “सीमावर्ती राज्य में ऊर्जा जैसे सामरिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण क्षेत्र में चीन की एक विवादास्पद कंपनी को क्यों आने दिया जा रहा है? एक तरफ़ तो चीन से सम्बंधित ऐप पर पाबंदी लगाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर चीन की कंपनी के हाथों में जम्मू कश्मीर के लोगों का महत्त्वूपर्ण डाटा क्यों दिया जा रहा है?”

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *