सब्जीवाला, पुलिसवाला और गेहूं काटनेवाला मजदूर मिला पॉजिटिव

[object Promise]

पानीपत। हरियाणा में शनिवार को कोरोना के 8 नए केस सामने आए हैं, इसके बाद अब कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 219 पहुंच गया है। इनमें से सोनीपत जिले के अंदर सामने आए तीन मरीजों ने प्रदेशभर की टेंशन बढ़ा दी है, क्योंकि यहां एक सब्जी बेचने वाले दुकानदार, एक पुलिसकर्मी और एक गेहूं काटने आए मजदूर को कोरोना मिला है। वहीं पलवल में तीन नए मामले मिले हैं, इनमें से 2 जमाती हैं। नूंह और पंचकूला में 1-1 मरीज सामने आया है।

सोनीपत के जीवन नगर और रसोई गांव में मिले कोरोना पॉजिटिव
सोनीपत में शनिवार को तीन नए पॉजिटिव मामले मिले हैं। यहां अब कुल संख्या बढ़कर 7 हो गई है। उपायुक्त डॉ. अंशज सिंह द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक शहर के जीवन नगर में एक सब्जी विक्रेता कोरोना पॉजिटिव मिला है। वहीं रसोई गांव में एक पुलिस कांस्टेबल तथा एक गेहूं काटने आया मजदूर पॉजिटिव है। मजदूर करनाल से सोनीपत के रसोई गांव में आया था। उसकी स्क्रीनिंग करने पर पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव है। इनसे जुड़े सभी परिजनों व संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है। कुछ को आइसोलेट कर भी दिया गया है।

पलवल में तीन मिले पॉजिटिव, इनमें से दो दूसरे राज्यों के जमाती
पलवल में तीन पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके बाद यहां अब यहां कुल संक्रमित का आंकड़ा 34 हो गया है। पलवल के कारना गांव का 45 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिला है। वह निजामुद्दीन में दूध की सप्लाई करता था। अभी कुछ दिन पहले दूध तो बंद कर दिया था लेकिन वो पैसे लेने गया था। स्वास्थ्य विभाग ने 14 अप्रैल को उसके सैंपल जांच के लिए भेजे थे। शुक्रवार रात को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं आंध्रप्रदेश के हैदराबाद का 25 वर्षीय युवक, व पश्चिम बंगाल के परगना का 26 वर्षीय जमाती पॉजिटिव मिले हैं। दोनों को क्वारैंटाइन किया गया था।

नूंह में कोरोना मरीज के संपर्क में आने से एक और पॉजिटिव
नूंह में शनिवार को एक महिला पॉजिटिव मिली, इससे यहां संख्या बढ़कर 57 हो गई है। नूंह के गांव बारोटा में तीन दिन पहले जो कोरोना पॉजिटिव केस आया था, उसी की पत्नी भी अब पॉजिटिव मिली है। जो युवक पहले पॉजिटिव आया था वह रोजकामेव इंडस्ट्रीयल एरिया की एक कंपनी में काम करने के दौरान संक्रमित हुआ था। अभी बारोटा गांव में से स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिए गए काफी सैंपलों की जांच रिपोर्ट आनी बाकि है।

पंचकूला में मिला एक और जमाती
पंचकूला में एक जमाती पॉजिटिव मिला है। अब यहां कुल मरीजों की संख्या 17 हो गई है। पॉजिटिव मिला जमाती पंचकूला के नाडा में बने क्वारैंटाइन सेंटर में रहा था। उसकी उम्र 68 वर्ष है। इसकी पुष्टि पंचकूला की सीएमओ जसजीत कौर ने की है। उसे कोरोना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके संपर्क में आए लोगों को ट्रेस किया जा रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *