शर्मनाक : आइसोलेशन वार्ड में भर्ती महिला मरीज के साथ चिकित्सक ने किया दुष्कर्म, महिला मरीज की मौत

[object Promise]

गया। हाल ही में जो अपराध का मामला सामने आया है वह गया का है जहाँ मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती विवाहिता के साथ चिकित्सक के द्वारा दुष्कर्म किये जाने की खबर है। शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना बिहार के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में घटी है जिसे सुनकर-जानकर आपका भी खून खौल उठेगा। अस्पताल के यहां के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक विवाहिता से एक चिकित्सक द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। अस्पताल से छुट्टी के बाद घर लौटी विवाहिता की मौत हो गई है।

सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने पर मेडिकल थानाध्यक्ष फहीम खां आजाद ने मृतक पीड़िता के स्वजनों से संपर्क साधा तो पीड़िता की सास ने चिकित्सक व सुरक्षाकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगा उनपर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके बावजूद थानाध्यक्ष का कहना है कि अभी तक कोई सच्चाई नहीं मिली है। लिखित आवेदन मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि रोशनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की 24 वर्षीय विवाहिता लॉकडाउन के कारण अपने पति के साथ बीती 25 मार्च को पंजाब प्रांत के लुधियाना से ससुराल लौटी थी। वह दो माह की गर्भवती थी। लुधियाना में उसे अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण गर्भपात कराना पड़ा था। जब वह गांव लौटी, तब भी ब्लीडिंग हो रही थी।

इस कारण उसके पति ने उसे 27 मार्च को मगध मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया था। यहां इलाज के बाद उसे एक अप्रैल को कोरोना संक्रमण की आशंका को लेकर उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया था। वह वार्ड में अकेली रहती थी। यहीं नियमित जांच करने आने वाले एक चिकित्सक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच तीन अप्रैल को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जांच में उसकी रिपोर्ट निगेटिव मिली थी। ससुराल लौटने के बाद उसकी सोमवार को मौत हो गई।

मृतका की सास के अनुसार, घर लौटने पर उनकी बहू बहुत डरी-सहमी रहती थी। किसी से कोई बात नहीं करती थी। कारण पूछने पर उसने बताया था कि आइसोलेशन वार्ड में माथे पर टीका लगाकर आने वाले एक चिकित्सक ने एक रात अकेली पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। बहू ने बताया था कि मैंने यह बात सुरक्षाकर्मी को बताई थी, लेकिन उसने इज्जत की खातिर शांत रहने की बात कही थी। इसके बाद चिकित्सक ने दूसरी रात भी उसके साथ दुष्कर्म किया था।

अस्पताल से आ जाने के बाद उसे फिर से ब्लीडिंग हो रही थी। फिर सोमवार को उसकी मौत हो गई। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी तो मेडिकल थानाध्यक्ष ने उसके स्वजनों से फोन पर संपर्क किया और मंगलवार को थाने आकर आरोपितों की पहचान करने की बात कही। तब उसकी सास अस्पताल पहुंची लेकिन वह आरोपितों को नहीं पहचान सकी। थानाध्यक्ष ने कहा, अभी कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते ही आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं मगध मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. विजय कृष्ण प्रसाद ने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला गंभीर है। हालांकि अभी सत्यता नहीं मिली है, लेकिन जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। प्रशासन व अस्पताल दोनों ही स्तर से जांच कराई जा रही है। आइसोलेशन वार्ड के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा। जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *