भोपाल. मध्य प्रदेश की सभी 230 और मिजोरम की 40 सीटों पर वोटिंग जारी है. मिजोरम में मतदान की शुरुआत सुबह सात बजे हुई. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने मताधिकार को प्रयोग किया. वे बुधनी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. इधर , छतरपुर, इंदौर और भोपाल में कई बूथों पर ईवीएम खराब होने की शिकायत आ रही है. कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इवीएम में खराबी का मुद्दा उठाया है. उन्होंने कहा कि कई ऐसे मतदान केंद्रों पर जो कांग्रेस के पक्ष के हैं, ईवीएम खराब होने की खबरें आ रहीं हैं.
वोटर्स शाम सात बजे तक मतदान कर सकेंगे. वहीं, मध्य प्रदेश में 230 में से 227 सीटों पर वोटिंग सुबह सात बजे शुरू हो गई जबकि अन्य सीटों पर आठ बजे मतदान शुरू हुआ. मध्य प्रदेश में तकरीबन 65 हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं. पांच करोड़ से अधिक मतदाता मध्य प्रदेश में अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे. मध्य प्रदेश में मतदाता चुनाव मैदान में मौजूद 2899 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे. मतदाताओं में दो करोड़ 63 लाख 01 हजार 300 पुरूष और दो करोड़ 41 लाख 30 हजार 390 महिलाएं शामिल हैं. सर्विस वोटर की संख्या 62 हजार 172 है. वहीं, मिजोरम में 40 सीटों पर 209 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें 15 महिला प्रत्याशी शामिल हैं.
मध्य प्रदेश: उज्जैन में दो खराब ईवीएम होने की खबर है, अलीराजपुर में 11 वीवीपीएटी मशीनों, बुरहानपुर में पांच वीवीपीएटी और दो ईवीएम मशीनों को बदलने का काम किया गया है. 9 बजे तक मिजोरम में 15% वोटिंग रिकार्ड की गयी.-मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने शिवपुरी में किया अपने मताधिकार को प्रयोग. वह कांग्रेस के सिद्धार्थ लाडा के खिलाफ मैदान में हैं. पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि आज मध्य प्रदेश में मतदान का दिन है. प्रदेश के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के महापर्व में भाग लें और भारी संख्या में मतदान करें. कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के हनुमान मंदिर में सुबह-सुबह पूजा अर्चना कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमें जीत का भरोसा है.
Leave a Reply