विमान हादसे में यात्रियों की मदद करने वाले 26 वालंटियर को कोरोना, इसके पहले 23 अफसर भी हो चुके हैं संक्रमित

मलप्पुरम, प्रेट्र केरल के कोझिकोड में सात अगस्त को हुए एयर एशिया एक्सप्रेस विमान हादसे में घायलों की मदद करने वाले 26 वालंटियर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनसे पहले बचाव कार्य में लगे जिलाधिकारी के. गोपालकृष्णन, पुलिस अधीक्षक यू. अब्दुल करीम व पुलिस तथा अग्निशमन विभाग के 21 अन्य अधिकारी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

विमान हादसे में यात्रियों की मदद करने वाले 26 वालंटियर को कोरोना, इसके पहले 23 अफसर भी हो चुके हैं संक्रमित
राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने एक मृत यात्री में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद सभी वालंटियर को क्वारंटाइन में जाने के लिए कह दिया था।

मलप्पुरम की जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के. सकीना के अनुसार, ‘हवाईअड्डे से जुड़े लोगों से पता चला है कि विमान हादसे के बाद बचाव कार्य में जुटे कम से कम 26 स्थानीय लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। अभी उनका इलाज चल रहा है।’ राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने एक मृत यात्री में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद सभी वालंटियर को क्वारंटाइन में जाने के लिए कह दिया था।

विमान हादसे में 19 लोगों की हो गई मौत

उल्लेखनीय है कि कोझिकोड हवाईअड्डे पर लैंडिंग के वक्त एयर एशिया एक्सप्रेस का एक विमान रनवे को पार करता हुआ खाई में जा गिरा था। इससे विमान के दो टुकड़े हो गए थे। हादसे में दोनों पायलटों समेत 19 लोगों की मौत हो गई थी। विमान में कुल 190 यात्री सवार थे। हादसे के बाद आसपास में रहने वाले उत्साही युवक भारी बारिश व कोरोना संक्रमण के खतरे के बावजूद मौके पर पहुंच गए थे और घायलों को विमान से निकालकर विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया था। इसके लिए मुख्यमंत्री पिनराई विजयन समेत अन्य लोगों ने युवकों की सराहना की थी।  वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि कोझिकोड विमान हादसे की जांच जारी है और उसकी रिपोर्ट संसद में रखी जाएगी।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *