कन्नौज, जिला प्रशासन में उस समय हड़कंप मच गया, जब शासन से फोन आया कि सीनियर आइएएस नीना शर्मा को लेने के लिए लखनऊ से हेलिकॉप्टर आ रहा है। दरअसल उनके पति वाराणसी के प्रेक्षक अजय कुमार सिंह को शुक्रवार सुबह दिल का दौरा पड़ गया।वह बनारस में भर्ती हैं। सुबह 11:35 बजे कन्नौज पुलिस लाइन के हैलीपैड पर हेलिकॉप्टर उतरा। इससे पहले नीना शर्मा सड़क मार्ग से आगरा से कन्नौज पुलिस लाइन पंहुच गयीं थीं। वह एमएलसी चुनाव में आगरा खंड स्नातक की मतगणना प्रेक्षक हैं। जबकि उनके पति अजय कुमार सिंह वाराणसी में मतगणना प्रेक्षक हैं। लखनऊ से सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी पुलिस लाइन पंहुच गए। वहीं, हैलीपैड पर एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को लगा दिया गया था। थोड़ी देर बाद आइएएस नीना शर्मा को हेलिकॉप्टर बनारस लेकर चला गया।
बाल-बाल बचे सौरिख एसओ
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आगरा की प्रेक्षक नीना शर्मा को स्कोट कर रहे सौरिख थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा की सरकारी जीप का किमी 188 के पास तिर्वा क्षेत्र में पिछला टायर फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। हादसे में प्रभारी निरीक्षक समेत सभी पुलिस कर्मी बाल बाल बच गए। एसओ ने बताया कि चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आगे वाला टायर फटता तो बड़ी घटना हो सकती थी।
Leave a Reply