लालू को सजा सुनाने वाले सीबीआई के जज के पैतृक आवास में चोरी

[object Promise]

जालौन/उरई। सीबीआई के जज के पैतृक आवास पर चोरों ने धावा बोलकर लगभग दो लाख रुपये के जेवर व नगदी उड़ाई। इसकी जानकारी जैसे ही पुलिस व प्रशासन को लगी तो एसडीएम, सीओ, कोतवाल सहित फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉयड भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके का मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू की। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव को सजा सुनाकर सुर्खियों में आए सीबीआई के विशेष जज एसपी सिंह वर्तमान में रांची में तैनात हैं। उनका पैतृक आवास जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखपुर खुर्द में है। जहां उनके छोटे भाई सुरेंद्र पाल सिंह रहते हैं। वहीं, चोरों के मन से पुलिस का भय इतना निकल चुका है कि बुधवार की रात चोरों ने सीबीआई के जज के पैतृक आवास को भी नहीं बख्शा। जज के भाई सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बुधवार की रात करीब 12 बजे परिवार सहित घर की छत पर सोने के लिए चले गए। तभी रात में घर के पीछे लगी तार फेसिंग को काटकर बाड़े की दीवार के सहारे चोर छत पर चढ़ गए ओर जीने के रास्ते से घर के अंदर चले गए। चोरों ने गैलरी में लगे तालों और कुंडों को भी तोड़ दिया।

इसके बाद चोरों ने कमरे व अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सूटेकस को पीछे के रास्ते घर से करीब 200 मीटर दूर खेतों में ले गए। जहां उन्होंने सूटकेश का ताला तोड़कर उसमें रखी 3 सोने की अंगूठी, 2 सोने की जंजीर, एक जोड़ी कुंडल, चांदी के दो कड़े व दो जोड़ी तोड़ियों सहित 60 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। इतना ही नहीं चोर घर में रखा 20 किलो देशी घी व कांसे के बर्तन भी ले गए। सुबह जब वह उठे तो सभी कमरों के दरवाजों व अलमारी के ताले टूटे थे। खोजबीन करने पर सूटकेस खेतों पर पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को चोरी की सूचना दी। जिस पर एसडीएम भैरपाल सिंह, सीओ संजय कुमार शर्मा, कोतवाल संजय गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जिन्होंने सामान पर फिंगर प्रिंट लिए। इसके कुछ देर बाद डॉग स्क्वॉयड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वहीं, जज के भाई सुरेंद्र पाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।

जज के भाई ने की सुरक्षा की मांग 
जालौन (उरई) । सीबीआई के जज एसपी सिंह के पैतृक आवास पर हुई चोरी के मामले में जज के भाई सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि उनके भाई ने लालू यादव को सजा सुनाई थी। जिसके चलते वह कुछ लोगों के निशाने पर आ गए थे। जिसके चलते उनके भाई ने एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह से मिलकर उनके पैतृक आवास पर सुरक्षा व्यवस्था कराए जाने की मांग की थी। परंतु पुलिस ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। पुलिस की लापरवाही के चलते ही उनके यहां चोरी की घटना हुई है।

लगातार चोरियों से क्षेत्र में दहशत 
जालौन (उरई)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पिछले दो माह में एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाऐं हो चुकी हैं। परंतु पुलिस अभी तक एक भी चोरी के मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। जिसके चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरों ने अब सीबीआई के जज के आवास को भी नहीं बख्शा है। इस हाई प्रोफाइल चोरी के मामले में पुलिस के साथ ही प्रशासन भी हलकान रहा। अब देखना है कि जो पुलिस आम जनता की अभी तक एक भी चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है वह जज के पैतृक आवास पर हुई चोरी के मामले का खुलासा कब कर पाती है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *