रेहड़ीवालों के मुद्दे पर फडणवीस से मिले राज ठाकरे
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने गुरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मुंबई में अवैध रेहड़ीवालों के मुद्दे पर चर्चा की. यह बैठक ऐसे समय हुई जब बुधवार को रेहड़ीवालों ने आजाद मैदान में धरना देकर अपने लिए नीति तैयार करने की मांग की थी. बुधवार को मनसे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच रेहड़ी वालों के मुद्दे पर दादर में भिड़ंत हो गई थी.
मनसे नेता बाला नंदगांवकर ने कहा कि उनकी पार्टी ने महाराष्ट्र की भाजपा सरकार से रेहड़ीवालों पर अदालत के आदेश को लागू करने को कहा है.
नंदगांवकर ने कहा कि अगर सरकार अदालत के आदेश लागू करती है तो हमें मनसे को रेहड़ीवालों के खिलाफ आंदोलन चलाने की जरूरत नहीं होगी. मुंबई कांग्रेस प्रमुख संजय निरूपम ने रेहड़ीवालों के समर्थन में दादर में एक मोर्चा आयोजित किया था. इन रेहड़ीवालों को राज ठाकरे नीत पार्टी ने निशाना बनाया था.
शहर में अवैध रेहड़ीवालों को आड़े हाथ लेते हुए बंबई उच्च न्यायालय ने कल केवल तय स्थानों पर रेहड़ी लगाने का आदेश देते हुए फुट और रेल ओवरब्रिजों पर तथा रेलवे स्टेशनों के 150 मीटर के दायरे में इन गतिविधियों पर पाबंदी लगाई थी.
Leave a Reply